खिलौना ले कर जा रही डीसीएम मड़हे में घुसी, मौसी और भतीजा घायल
मिर्जापुर के चीतगंज क्षेत्र में एक पिकअप ट्रक अनियंत्रित होकर मड़हे में घुस गई, जिससे एक 14 वर्षीय बालक और उसकी 35 वर्षीय मौसी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें मण्डलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना मंगलवार रात की है, जहां आस-पास के लोग जल्दी मदद के लिए जुटे।

चेतगंज(मिर्जापुर)। जयपुर से खिलौना लेकर उड़ीसा जा रही डीसीएम अनियंत्रित हो जाने से मड़हे में घुस गई। इससे मड़हे में सो रहे एक बालक और महिला गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए मण्डलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना मंगलवार की देर रात चील्ह थाना क्षेत्र के गोपीगंज मार्ग पर तिलठी गांव के पास हुई। क्षेत्र के तिलठी गांव निवासी रामलाल यादव गोपीगंज-चील्ह मार्ग के किनारे मड़हा लगा रखा है। उसी मड़हे में रामलाल यादव का 14 वर्षीय पुत्र अंश कुमार व उसकी मौसी वाराणसी के राजा तालाब निवासी 35 वर्षीय रीना देवी पत्नी धर्मेंद्र कुमार सो रही थी।
मंगलवार की रात लगभग 12 बजे के करीब जयपुर से खिलौना लेकर उड़ीसा जा रही पिकअप अनियंत्रित हो कर मड़हे में घुस गई। इस हादसे में अंश कुमार और उसकी मौसी रीना देवी गंभीर रूप से घायल हो गई। टीन शेड का मड़हा गिरने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए। वहीं इसकी जानकारी होते ही चेतगंज चौकी प्रभारी संजय सिंह मौके पर पहुंच कर किसी तरह पिकअप ट्रक को ट्रैक्टर में टोचन कर पीछे खिंचवाया। तब दोनों घायलों को मड़हे से निकल कर तत्काल एंबुलेंस से मण्डलीय अस्पताल के ट्रामा सेंटर भेज दिया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने बेहतर उपचार के लिए ट्रामा सेंटर वाराणसी के लिए रेफर कर दिए। पुलिस ने डीसीएम चालक को हिरासत में लेकर विधिक कार्यवाही में जुट गई है।

