गोरखपुर-सिलीगुड़ी एक्सप्रेस वे निर्माण कार्य की बढ़ी रफ्तार
सीतामढ़ी में एनएच-227 राम जानकी मार्ग और गोरखपुर-सिलीगुड़ी एक्सप्रेस-वे के भू-अर्जन कार्य को तेज किया जा रहा है। डीएम तनय सुल्तानिया ने परियोजनाओं की समीक्षा की और एसएसबी और संबंधित विभागों के साथ बैठक कर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए। अधिकारियों को कार्रवाई में तेजी लाने को कहा गया।

सीतामढ़ी, एक प्रतिनिधि। जिले से जुड़ी दो महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं एनएच-227 राम जानकी मार्ग और गोरखपुर-सिलीगुड़ी एक्सप्रेस-वे के भू-अर्जन कार्य को गति देने की कवायद शुरू हो गयी है। सोमवार को डीएम तनय सुल्तानिया ने विभिन्न सड़क परियोजनाओं के लिए चल रहे भू-अर्जन कार्य की समीक्षा की। इस दौरान राम जानकी मार्ग के लिए एसएसबी और संबंधित विभागों के साथ समन्वय बैठक कर आगे की कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। वहीं, गोरखपुर-सिलीगुड़ी एक्सप्रेस-वे की अधिसूचना की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए प्रस्ताव परियोजना क्रियान्वयन इकाई, मुजफ्फरपुर के निदेशक को भेजे जाने की जानकारी दी गयी। एनएच-227 राम जानकी मार्ग परियोजना की समीक्षा के दौरान डीएम ने परियोजना से जुड़े मामलों को लेकर एसएसबी एवं संबंधित विभागों के साथ बैठक कर समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया।
अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई में तेजी लाने को कहा गया। गोरखपुर-सिलीगुड़ी एक्सप्रेस-वे की समीक्षा में जिला भू-अर्जन पदाधिकारी ने बताया कि अधिसूचना के लिए अग्रेतर कार्रवाई के लिए प्रस्ताव निदेशक, परियोजना क्रियान्वयन इकाई, मुजफ्फरपुर को भेज दिया गया है। इससे परियोजना के भू-अर्जन से जुड़े अगले चरण की प्रक्रिया आगे बढ़ने का रास्ता साफ हुआ है।


