जनरथ बस की छत से टपका पानी, लैपटॉप भीगने पर मांगा मुआवजा
उत्तर प्रदेश रोडवेज की एसी जनरथ बसों ने बारिश के मौसम में यात्रियों के लिए समस्याएं खड़ी कर दी हैं। बसों की छतों से पानी टपकने के कारण यात्रियों का सामान भीग रहा है। एक मामले में, एक यात्री का कीमती लैपटॉप खराब हो गया, जिसके लिए उसने एक लाख रुपये का मुआवजा मांगा।

बारिश के मौसम में उत्तर प्रदेश रोडवेज की एसी जनरथ बसें यात्रियों के लिए मुसीबत बन गई हैं। इन बसों की छतों से बारिश और एसी का पानी टपकने के कारण यात्री और उनका सामान भीग रहा है। शनिवार को एक ऐसा ही गंभीर मामला सामने आया, जहां जनरथ बस के लगेज स्टैंड में पानी भरने से एक यात्री का कीमती लैपटॉप पूरी तरह से भीगकर खराब हो गया। पीड़ित यात्री गौरव पटेल शनिवार को अवध डिपो की जनरथ बस (संख्या- यूपी 33 एटी 4852) से बनारस जा रहे थे। उन्होंने बताया कि बस में सवार होने के बाद उन्होंने अपनी सीट के ऊपर बने लगेज कंपार्टमेंट में लैपटॉप बैग व अन्य सामान रख दिया था। कुछ देर बाद जब उन्होंने बैग उठाया, तो वह पानी से पूरी तरह तर-बतर हो चुका था। ऐसा वाकया सिर्फ उनके साथ ही नहीं, बल्कि बस में सवार अन्य यात्रियों के साथ भी हुआ।
पीड़ित यात्री ने एक लाख का मुआवजा मांगा
लैपटॉप खराब होने से नाराज पीड़ित यात्री ने रोडवेज प्रशासन से शिकायत दर्ज कराकर एक लाख रुपये मुआवजे की मांग की है। हालांकि, रोडवेज के नियमों के तहत यात्री का सामान (लगेज) डैमेज होने पर मुआवजे का कोई प्रावधान नहीं है। इस मामले में अवध डिपो के एआरएम सत्यनारायण ने बताया कि संभवतः एसी का पानी लीक होकर कंपार्टमेंट में भर गया होगा। उन्होंने यात्री को केवल बस का किराया वापस लेने का विकल्प दिया है।
रोजाना आ रही हैं छत टपकने की शिकायतें
अवध डिपो की इन लग्जरी बसों की छत टपकने की शिकायतें अब रोजाना का हिस्सा बन चुकी हैं। शनिवार को ही बस संख्या यूपी 32 एटी 5839, यूपी 33 एटी 5754, और यूपी 33 एटी 5862 सहित करीब आधा दर्जन जनरथ बसों के ड्राइवरों व कंडक्टरों ने डिपो में पानी टपकने की आधिकारिक शिकायतें दर्ज कराई हैं।


