छात्रों पर बर्बरता के विरोध में एबीवीपी ने फूंका झारखंड सरकार का पुतला
कानपुर में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के सदस्यों ने झारखंड में छात्रों पर हुए बर्बरतापूर्ण लाठीचार्ज के खिलाफ प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने सीएसजेएमयू के द्वार पर झारखंड सरकार का पुतला फूंका और दोषी अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। ABVP नेताओं ने इस हमले को लोकतांत्रिक मूल्यों का उल्लंघन बताया।

कानपुर। प्रमुख संवाददाता अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के सदस्यों ने झारखंड में हुए छात्रों पर बर्बरतापूर्ण लाठीचार्ज के विरोध में प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) के द्वार पर प्रदर्शन कर झारखंड सरकार का पुतला फूंका। उन्होंने दोषी अधिकारियों को चिह्नित कर सख्त कार्रवाई करने की मांग की।एबीवीपी के प्रांत मंत्री दिनेश यादव की अगुवाई में करीब 250 से अधिक कार्यकर्ता व छात्रों ने प्रदर्शन किया। दिनेश ने कहा कि झारखंड में विद्यार्थियों पर किया गया लाठीचार्ज लोकतांत्रिक मूल्यों का खुला उल्लंघन है। किसी भी सरकार का दायित्व विद्यार्थियों की समस्याओं का समाधान करना होता है, न कि उनकी आवाज को लाठियों के बल पर दबाना।
महानगर मंत्री सुधांशु त्रिपाठी ने कहा कि यह केवल झारखंड के विद्यार्थियों पर हमला नहीं, बल्कि देशभर के छात्र समुदाय के आत्मसम्मान पर प्रहार है। इस मौके पर मयंक पासवान, आशुतोष तिवारी, अनुराग शर्मा, यश पाल, गुंजन कुमार, लालू यादव, गिन्नी पांडे, प्रियंका माथुर, अर्शी तिवारी, अनामिका गोंड, आलोक सिंह, मयंक चौहान आदि रहे।


