अभाविप महेशपुर इकाई ने मनाया 78वां स्थापना दिवस
महेशपुर में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् ने 78 वें स्थापना दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने राष्ट्र निर्माण और समाज सेवा के संकल्प लिए। परिषद् शिक्षा सुधार, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक समरसता जैसे अभियानों पर जोर देती है और युवा पीढ़ी को राष्ट्रहित के कार्यों में संलग्न करने का प्रयास कर रही है।
महेशपुर, एक संवाददाता। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् महेशपुर इकाई द्वारा 78 वें स्थापना दिवस एवं राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस के शुभ अवसर पर महेशपुर हाई स्कूल मैदान में ध्वजारोहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ नगर मंत्री रोहित यादव द्वारा परिषद् का ध्वजारोहण कर किया गया। इस अवसर पर उपस्थित कार्यकर्ताओं ने राष्ट्र निर्माण, छात्र शक्ति के उत्थान तथा समाज सेवा के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला संयोजक सन्नी तिवारी ने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् की स्थापना से लेकर अब तक की 78 वर्षों की स्वर्णिम यात्रा पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी परिषद् केवल एक छात्र संगठन नहीं, बल्कि राष्ट्र पुनर्निर्माण का एक सशक्त आंदोलन है। परिषद् ने समय-समय पर राष्ट्रहित, शिक्षा सुधार, छात्र अधिकार, सामाजिक समरसता, राष्ट्रीय सुरक्षा तथा सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा के लिए अनेक ऐतिहासिक आंदोलनों का नेतृत्व किया है。
कार्यक्रम में की गई घोषणाएं
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में भी विद्यार्थी परिषद् शिक्षा परिसरों से लेकर समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा, संस्कार और संगठन के भाव से कार्य कर रही है। परिषद् शिक्षा में गुणवत्ता, पर्यावरण संरक्षण, रक्तदान, आपदा राहत, महिला सुरक्षा एवं जागरूकता, सामाजिक समरसता, मतदाता जागरूकता, स्वच्छता अभियान, जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा सहयोग, व्यक्तित्व विकास तथा युवाओं को राष्ट्रहित के कार्यों से जोड़ने जैसे अनेक सेवा एवं सामाजिक अभियानों का सफलतापूर्वक संचालन कर रही है। परिषद् का लक्ष्य केवल छात्रों की समस्याओं का समाधान करना ही नहीं, बल्कि उन्हें राष्ट्र के प्रति उत्तरदायी एवं चरित्रवान नागरिक के रूप में तैयार करना भी है।
पूर्व कार्यकर्ताओं की भव्यता
पूर्व कार्यकर्ता राहुल मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् विश्व का सबसे बड़ा छात्र संगठन है, जिसने स्थापना काल से ही राष्ट्रहित, छात्रहित एवं समाजहित के अनेक ऐतिहासिक कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि परिषद् ने शिक्षा सुधार, छात्र अधिकार, राष्ट्रीय सुरक्षा, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करने के लिए समय-समय पर प्रभावी आंदोलन चलाए हैं। उन्होंने कश्मीर में तिरंगा यात्रा, घुसपैठ और आतंकवाद के विरोध में जनजागरण अभियान, भ्रष्टाचार के विरुद्ध आंदोलन, शिक्षा में सुधार, तथा वीर शहीदों के सम्मान और राष्ट्रभक्ति से जुड़े विभिन्न अभियानों का उल्लेख करते हुए कहा कि परिषद् सदैव राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ कार्य करती रही है। उन्होंने उपस्थित युवाओं से आह्वान किया कि वे राष्ट्र निर्माण के इस अभियान में सहभागी बनें और विद्यार्थी परिषद् के सेवा, संगठन एवं संस्कार के कार्यों को आगे बढ़ाएं।
पर्यावरण की सुरक्षा
इसी क्रम में 09 जुलाई स्थापना दिवस के अवसर पर महेशपुर के गढ़बाड़ी हाई स्कूल परिसर में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद्, महेशपुर इकाई द्वारा पौधारोपण कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व नगर मंत्री रोहित यादव ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। प्रकृति का संतुलन बनाए रखने, स्वच्छ वातावरण के निर्माण तथा आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित भविष्य प्रदान करने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक पौधे लगाने एवं उनके संरक्षण का संकल्प लेना चाहिए।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से पाकुड़ जिला संयोजक सन्नी तिवारी, प्रदेश सह एसएफडी प्रमुख गुंजन तिवारी, महेशपुर नगर मंत्री रोहित यादव, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य जीत साहा, खेलो भारत प्रमुख जीत दास, पूर्व कार्यकर्ता राहुल मिश्रा, सौरभ तिवारी, काजल दास, शिव शंकर भगत, मुन्ना यादव, दीपांशु सिंह, सुबोध दास, राणा सिंह, रोशन यादव, देवदास सहित महेशपुर हाई स्कूल के स्काउट एंड गाइड के छात्र छात्राएं एवं काफी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे。


