अभया ब्रिगेड ने सात माह में करीब 800 मनचलों पर कसा शिकंजा
- निरोधात्मक कार्रवाई के तहत मनचलों से भरवाये गए बॉन्ड - छेड़खानी के आरोपित 21

पटना, हिन्दुस्तान ब्यूरो। महिला और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर गठित अभया ब्रिगेड (अब पुलिस दीदी) ने बीते सात महीने के दौरान करीब 800 मनचलों पर शिकंजा कसा है। ब्रिगेड ने छेड़खानी व अन्य मामलों के इन आरोपितों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई करते हुए उनसे बंध पत्र (बॉन्ड पेपर) भराए। टीम ने 21 मनचलों पर प्राथमिकी दर्ज कर भी कार्रवाई की है। अभया बिग्रेड की यह टीम अब पुलिस दीदी के रूप में काम करेगी। बिहार पुलिस मुख्यालय के मुताबिक, अभया ब्रिगेड की एक हजार से अधिक टीमों ने उक्त अवधि के दौरान सभी जिलों में कार्रवाई की। पटना जिले में सबसे अधिक 84 टीमों ने 284 मनचलों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई की।
इनमें चार के विरुद्ध प्राथमिकी भी दर्ज हुई। पटना के अलावा अन्य जिलों से भी कई शिकायतें मिली। इसके आधार पर मधेपुरा में 137, गया में 87, सुपौल में 70, बक्सर में 64 और नालंदा में 58 मामलों में मनचलों पर शिकंजा कसते हुए उनसे बंध पत्र भरवाए गए। अभया ब्रिगेड की इन टीमों को स्कूल, कॉलेज, कोचिंग, हॉस्टल आदि के आसपास तैनात किया गया था।मुख्यालय के मुताबिक, अभया ब्रिगेड ने इस दौरान चिह्नित स्कूल और हॉस्टल आदि के प्राचार्य और वार्डनों से मिल कर कई जागरूकता कार्यक्रम भी चलाये। इस दौरान छात्र-छात्राओं को उनके अधिकार व उपलब्ध सहायता तंत्र को लेकर जागरूक किया गया। मुख्यालय के मुताबिक राज्य भर में 15 हजार से अधिक स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम चलाए गए। अब जिलों में यह जिम्मेदारी नवगठित पुलिस दीदी की टीम निभाएगी।


