ई-20 पेट्रोल के खिलाफ आज टाउनहॉल का आयोजन कर लोगों की समस्याएं सुनेगी आप
आम आदमी पार्टी ने केंद्र सरकार के खिलाफ ई-20 पेट्रोल को लेकर शनिवार को कॉस्टीट्यूशन क्लब में नेशनल टाउनहॉल आयोजित करने की घोषणा की। इस कार्यक्रम में ऑनलाइन और ऑफलाइन शामिल होने के लिए लोगों से अपील की गई। पार्टी के नेता केंद्र सरकार पर पुरानी गाड़ियों के लिए ई-20 के खराब प्रभाव को लेकर गंभीर आरोप लगा रहे हैं।

नई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता। ई-20 पेट्रोल को लेकर आम आदमी पार्टी केंद्र सरकार के खिलाफ हमलावर बनी हुई है। इसी क्रम में अब आप ने ई-20 पेट्रोल के खिलाफ शनिवार को कॉस्टीट्यूशन क्लब में नेशनल टाउनहॉल के आयोजन की घोषणा की है। आप ने कार्यक्रम से ऑनलाइन जुड़ने के लिए एक लिंक भी जारी किया था। आप का दावा है कि हजारों लोगों ने टाउनहॉल से ऑनलाइन जुड़ने को लेकर दिलचस्पी दिखाई है। आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने लोगों से ऑनलाइन या ऑफलाइन किसी भी माध्यम से इस टाउनहॉल से जुड़ने की अपील की है। आप के नेता इस टाउनहॉल के मध्यम से ई-20 को लेकर लोगों की समस्याएं सुनेंगे।
केजरीवाल ने कहा कि इस टाउनहॉल में ई-20 से प्रभावित देशभर से लोग ऑनलाइन या ऑफलाइन शामिल होकर अपने विचार रखेंगे। टाउनहॉल में उनके साथ देश की एक जानी मानी शख्सियत मौजूद होगी।आप नेताओं का दावा है कि केंद्र सरकार ई-20 को पुरानी गाड़ियों के लिए भी सुरक्षित बता रही है, जबकि इसके इस्तेमाल से पुरानी गाड़ियां खराब हो रही हैं और माइलेज भी गिर रही है। केजरीवाल ने 29 ऑटो निर्माता कंपनियों को पत्र लिखकर ई-20 पेट्रोल के कारण पुरानी गाड़ियों पर पड़ने वाले असर के बारे में पूछा था। इस पत्र का किसी भी ऑटो निर्माता कंपनी ने जवाब नहीं दिया है। आप का आरोप है कि नौ कंपनियों ने केजरीवाल के साथ हुई बैठक में मौखिक तौर पर बताया कि ई-20 पुरानी गाड़ियों के लिए सुरक्षित नहीं है।


