जिला व मंडल स्तर पर व्यापारी सम्मेलन करेगी आप
आम आदमी पार्टी व्यापार प्रकोष्ठ की बैठक में संगठन विस्तार पर चर्चा हुई। प्रदेश अध्यक्ष मनोज मिश्रा ने कहा कि छोटे और मझोले व्यापारी सरकार की नीतियों से परेशान हैं। उन्होंने व्यापारियों के लिए स्पष्ट और सरल नीति की मांग की। आगामी दिनों में सदस्यता अभियान और व्यापारी सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा।

लखनऊ। आम आदमी पार्टी व्यापार प्रकोष्ठ की बैठक में संगठन विस्तार पर चर्चा की गई। प्रदेश अध्यक्ष मनोज मिश्रा ने कहा कि व्यापार प्रकोष्ठ को प्रदेश के हर मंडल, जिले तथा नगर तक मजबूत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की गलत नीतियों और प्रशासनिक उदासीनता के चलते छोटे और मझोले व्यापारी लगातार परेशान हो रहे हैं। बैठक में मौजूद पदाधिकारियों ने कहा कि प्रशासन व्यापारियों को राहत देने के बजाय उन पर दंडात्मक और उत्पीड़नकारी रवैया अपना रहा है। मनोज मिश्रा ने मांग की कि सरकार व्यापारियों के लिए एक स्पष्ट, पारदर्शी और सरल नीति बनाए, जिससे उन्हें अनावश्यक प्रशासनिक भय से मुक्ति मिल सके।
आम आदमी पार्टी व्यापारियों के हक की लड़ाई सड़क से लेकर सदन तक लड़ती रहेगी। उन्होंने आगामी दिनों में प्रदेशव्यापी सदस्यता अभियान चलाने तथा जिला व मंडल स्तर पर व्यापारी सम्मेलन आयोजित करने की घोषणा की, ताकि संगठन जमीनी स्तर पर और मजबूत हो सके। इस मौके पर सीताशरण, वंश बहादुर सिंह, एच एन तिवारी, संदीप शुक्ला, रवि, राकेश सिंह, राम मूरत अग्रहरि, राहुल शर्मा, सनमत बाबू जैन सहित प्रमुख पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।


