दोस्त की पत्नी को बता रहा अपनी पत्नी, जानें क्या है पूरा मामला
उत्तर प्रदेश के आगरा शहर में एक महिला और उसके पति की रातों की नींद उड़ गई है। पति का दोस्त महिला के पीछे पड़ गया है। उसे अपनी पत्नी बता रहा है। धमकी दे रहा है कि घर आएगा। उठाकर ले जाएगा। कोर्ट से आदेश...
उत्तर प्रदेश के आगरा शहर में एक महिला और उसके पति की रातों की नींद उड़ गई है। पति का दोस्त महिला के पीछे पड़ गया है। उसे अपनी पत्नी बता रहा है। धमकी दे रहा है कि घर आएगा। उठाकर ले जाएगा। कोर्ट से आदेश आने वाला है। उसके पास शादी के प्रमाण हैं। दंपति ने एसएसपी ऑफिस में शिकायत की है। मामला जगदीशपुरा क्षेत्र का है। महिला की शादी 17 साल पहले हुई थी। पति से विवाद होने पर तीन माह पहले वह घर से चली गई थी। पंद्रह दिन बाद लौट आई। मौजूदा समय में पति-पत्नी साथ रहते हैं। अब कोई दिक्कत नहीं है। बताया गया है कि पति का एक दोस्त घर पर आया करता था। उसी ने दंपति का सुखचैन छीन लिया है।
साहब! जायदाद के लिए बहू और बेटे करते हैं मारपीट
जिस मां ने अपने बेटों के लिए जाने कितने अहोई अष्टमी के व्रत रखे, आज उन्हीं बेटों से परेशान बूढ़ी मां और पिता ने जगदीशपुरा थाने पहुंचकर उनकी शिकायत की। बूढ़े मां-बाप ने पुलिस को बताया कि जायदाद के लिए बेटे और बहुएं परेशान करते हैं। कमरों में ताले लगा देते हैं। मारपीट करते हैं। घर से बाहर निकाल देते हैं। थाना जगदीशपुरा क्षेत्र निवासी बुजुर्ग एक सरकारी तेल कंपनी से सेवानिवृत्त हैं। थाना क्षेत्र में अपनी बुजुर्ग पत्नी के साथ रहते हैं। पत्नी पैरों से लाचार हैं, इसलिए व्हीलचेयर से चलती हैं। सोमवार को बुजुर्ग व्हीलचेयर पर अपनी पत्नी को लेकर थाना जगदीशपुरा पहुंचे। बुजुर्ग माता-पिता ने थाना प्रभारी से शिकायत की कि दोनों बेटे उन्हें परेशान करते हैं। जायदाद के लिए उनके साथ मारपीट करते हैं। बेटे घर के कमरों में ताले डाल देते हैं। उन्हें घर से निकाल देते हैं। बुजुर्गों ने बताया कि दो बार वह 100 नंबर पर पुलिस को अपने साथ मारपीट की सूचना दे चुके हैं। आरोप है कि बेटों ने धोखे से बिजली का कनेक्शन भी अपने नाम करा लिया, जिसे उन्होंने अर्जी देकर निरस्त कराया। बेटे जायदाद नाम न करने पर घर से निकालने की धमकी देते हैं।
पिता की मौत के बाद सौतेली मां ने घर पर डाला ताला, हंगामा
थाना हरीपर्वत क्षेत्र में सोमवार को पिता की मौत के बाद सौतेली मां ने घर पर ताला डाल दिया। दोनों पक्षों में जमकर हंगामा हुआ। हंगामे के बाद बेटे ने थाना हरीपर्वत में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना सोमवार सुबह की है। हरीपर्वत थाना क्षेत्र में डॉक्टर अपने परिवार के साथ रहते हैं। कुछ दिन पहले उनके पिता का देहांत हो चुका है। उनके पैतृक घर में मरम्मत का कार्य चल रहा है। इसलिए वह किसी दूसरी जगह किराए का घर लेकर रह रहे थे। उनका आरोप है कि सुबह उनकी सौतेली मां घर पर पहुंची। सौतेली मां मकान पर अपना हक जताने लगी। उन्होंने पिता के घर पर ताला डाल दिया। डॉक्टर और उनके परिवार के लोग पहुंच गए। मौके पर जमकर हंगामा हुआ। हंगामे की सूचना पर थाना हरीपर्वत पुलिस मौके पर पहुंची। डॉक्टर ने थाना हरीपर्वत पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस का कहना है कि मामला पारिवारिक है। जांच की जा रही है।