उत्तराखंड में पहली बार 'नैनो-फैट' तकनीक से किया घुटने के ऑस्टियोआर्थराइटिस का सफल इलाज
हिन्दुस्तान, देहरादून
उत्तराखंड में 84 वर्षीय मरीज के घुटने के ऑस्टियोआर्थराइटिस का सफल इलाज 'नैनो-फैट' तकनीक से किया गया है। यह प्रक्रिया देवभूमि पेन स्पाइन सेंटर में की गई, जहां मरीज के पेट से वसा निकालकर उसे अत्यंत महीन 'नैनो-फैट' में बदला गया और बाद में प्रभावित जोड़ में इंजेक्ट किया गया।

देहरादून। उत्तराखंड में पहली बार एक 84 वर्षीय मरीज के घुटने के ऑस्टियोआर्थराइटिस का सफल इलाज 'नैनो-फैट' तकनीक से किया गया है। निरंजनपुर स्थित देवभूमि पेन स्पाइन सेंटर में डॉ. (मेजर) वरुण बजाज के नेतृत्व में यह अत्याधुनिक प्रक्रिया पूरी की गई। इस न्यूनतम चीरा वाली तकनीक में मरीज के पेट से थोड़ी वसा (फैट) निकालकर उसे सेंट्रीफ्यूज और इमल्सीफिकेशन के जरिए अत्यंत महीन 'नैनो-फैट' में बदला जाता है। इसके बाद इसे प्रभावित जोड़ में इंजेक्ट किया जाता है, जिससे पारंपरिक सर्जरी और बड़े चीरे की आवश्यकता नहीं होती। बढ़ती उम्र के साथ घुटनों के दर्द से परेशान मरीजों के लिए रीजेनरेटिव मेडिसिन की यह तकनीक नई उम्मीद बनकर सामने आई है।
उचित चिकित्सीय जांच के बाद यह प्रक्रिया विभिन्न आयु वर्ग के मरीजों के लिए भी उपयोगी साबित हो सकती है।


