श्री अयोध्या धाम की पदयात्रा पूरी कर लौटे तीर्थ यात्रियों का स्वागत
मधुपुर में आचार्य विजय कुमार पांडेय और निरंजन कुमार पांडेय का 650 किलोमीटर की पदयात्रा पूरी करने पर भव्य स्वागत किया गया। उन्होंने 6 सितंबर को गिरिडीह से शुरू होकर अयोध्या धाम में 21 दिनोें में यात्रा की। यात्रा के दौरान कई तीर्थ स्थलों के दर्शन किए। यात्रियों ने स्थानीय संस्कृति के बारे में भी जानकारी हासिल की।

मधुपुर, प्रतिनिधि। 650 किलोमीटर की सनातन पदयात्रा पूरी कर लौटे आचार्य विजय कुमार पांडेय और निरंजन कुमार पांडेय का सोमवार को मधुपुर में भव्य स्वागत किया गया। बताया गया कि 6 सितंबर को गिरिडीह जिले के पिहरा ग्राम के श्रीराम मंदिर से दोनों ने अयोध्या धाम के लिए पदयात्रा शुरू की थी। झारखंड, बिहार और उत्तर प्रदेश का भ्रमण करते हुए 21 दिनों में 26 सितंबर को अयोध्या धाम पहुंचकर यात्रा को विराम दिया। श्रीराम लला के दर्शन के पश्चात दोनों ने मां विंध्यवासिनी दरबार, तीर्थराज प्रयाग में संगम स्नान और वाराणसी में बाबा विश्वनाथ के दर्शन किए। वाराणसी से ट्रेन द्वारा नागपुर के रामटेक दर्शन के पश्चात 6 अक्टूबर को मधुपुर आगमन हुआ।
इस अवसर पर स्टेशन से गांधी चौक, हटिया रोड, भगत सिंह चौक होते हुए पंच मंदिर के हनुमान मंदिर तक बैंड-बाजे, फूल-माला और अंगवस्त्र के साथ स्वागत यात्रा निकाली गई। पंच मंदिर में हनुमान चालीसा पाठ, आरती और भोग का आयोजन किया गया। तीर्थ यात्रियों ने बताया कि यात्रा के दौरान विभिन्न क्षेत्रों के खान-पान, रहन-सहन, कला-संस्कृति और पूजन पद्धति को जानने का अवसर मिला। भविष्य में भी ऐसी पदयात्राएं जारी रखने की बात कही।

