यूपी में मेडिकल की 603 सीटें बढ़ी, बिहार में भी 150 सीटों का इजाफा
इस साल एमबीबीएस सीटों में सबसे अधिक 603 सीटों का इजाफा उत्तर प्रदेश में हुआ है। वहीं 600 सीटों के इजाफे के साथ गुजरात दूसरे स्थान पर है। देश के सभी राज्यों के बीच एमबीबीएस की सबसे अधिक सीटें अब...
इस साल एमबीबीएस सीटों में सबसे अधिक 603 सीटों का इजाफा उत्तर प्रदेश में हुआ है। वहीं 600 सीटों के इजाफे के साथ गुजरात दूसरे स्थान पर है। देश के सभी राज्यों के बीच एमबीबीएस की सबसे अधिक सीटें अब भी कर्नाटक में हैं, जहां 59 कॉलेजों में 9195 सीटें छात्रों के लिए उपलब्ध हैं। इसके बाद 52 कॉलेजों में 7610 सीटों के साथ महाराष्ट्र एमबीबीएस की सीटों के मामले में दूसरे स्थान पर, जबकि 49 कॉलेजों में 7150 सीटों के साथ तमिलनाडु एमबीबीएस सीटों के मामले में तीसरे स्थान पर है।
देश के सबसे अधिक जनसंख्या वाले राज्य उत्तर प्रदेश में 55 कॉलेजों में 7102 सीटें हैं। कुल सीटों के मामले में यूपी चौथे स्थान पर है। हालांकि, इस साल सबसे अधिक 603 सीटों का इजाफा उत्तर प्रदेश में हुआ है। यहां मेडिकल कॉलेजों की संख्या भी 48 से बढ़कर 55 हो गई है।
MBBS में एडमिशन लेने वालों के लिए अच्छी खबर, साढ़े चार हजार से अधिक सीटें बढ़ीं
वहीं, बिहार में कुल एमबीबीएस सीटों में 150 का इजाफा हुआ है। पिछले साल यहां 1400 सीटें थीं, इस साल इनकी संख्या बढ़कर 1550 हो गई है।झारखंड और दिल्ली में इस साल एमबीबीएस की सीटों में कोई इजाफा नहीं हुआ है। यहां एमबीबीएस की सीटें क्रमश: 350 और 1100 पर स्थिर हैं। वहीं उत्तराखंड में एक कॉलेज की अनुमति रद्द होने से एमबीबीएस की सीटें पिछले साल के 800 से घटकर 650 ही रह गई हैं।
कहां कितनी बढ़ीं सीटें
राज्य सीटें 2018 सीटें 2019 इजाफा
उत्तर प्रदेश 6499 7102 603
बिहार 1400 1550 150
उत्तराखंड 800 650 -150
झारखंड 350 350 00
दिल्ली 1100 1100 00
कुल 69712 74215 4503