सीआरपीएफ जवानों पर गोली चलाने के आरोप में एक गिरफ्तार
हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
मणिपुर के इंफाल पश्चिम जिले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवानों पर फायरिंग के आरोप में 56 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। घटना के समय हथियारबंद लोग सीआरपीएफ जवानों पर गोलियां चला रहे थे। आरोपी को पुलिस हिरासत में भेजा गया है और मामले में अन्य आरोपियों की जांच की जा रही है।

इंफाल, एजेंसी। मणिपुर के इंफाल पश्चिम जिले में ड्यूटी पर तैनात केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवानों पर गोली चलाने के आरोप में 56 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, गुरुवार शाम खोंगहामपाट अवांग लीकाई इलाके में कुछ हथियारबंद लोगों ने सीआरपीएफ जवानों पर कई गोलियां चलाईं। घटना के बाद सेकमेई थाने में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने जांच शुरू की है। अधिकारी ने बताया कि आरोपियों में से एक शेलेइबाम याइमा को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया गया। हमले में इस्तेमाल कार भी जब्त कर ली गई है। गिरफ्तार आरोपी को आठ दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।


