नाराजगी: सरकारी भूमि से कब्जा हटाने की कार्रवाई रूकी
हस्तिनापुर विकास खंड के ग्राम चेतावाला के 56 परिवारों ने सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने बाधा डाला और शिकायतकर्ताओं पर हमले किए। पीड़ित परिवारों ने न्याय और सुरक्षा की मांग की है।

हस्तिनापुर विकास खंड के ग्राम पंचायत दूधली खादर के ग्राम चेतावाला के 56 परिवारों ने शुक्रवार को तहसील परिसर में एसडीएम से सरकारी भूमि पर हुए कथित अवैध कब्जे को हटाने और शिकायतकर्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि कब्जा हटाने की कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने सरकारी कार्य में बाधा डाल दी, जिससे अभियान अधूरा रह गया। इसके बाद शिकायत करने वाले ग्रामीणों पर हमला कर जान से मारने की धमकी दी गई। इस कार्रवाई के रूकने से ग्रामीणों में नाराजगी व्याप्त है। ग्रामीणों के अनुसार, उनके मकानों के सामने स्थित सरकारी खाली भूमि पर कुछ लोगों ने कथित रूप से अवैध कब्जा कर रखा था।
शिकायत के बाद उपजिलाधिकारी मवाना संतोष कुमार सिंह के निर्देश पर 30 जून 2026 को नायब तहसीलदार सचिन चौधरी की मौजूदगी में बुलडोजर से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की गई। आरोप है कि कुछ असामाजिक तत्वों ने विरोध करते हुए सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न कर दी, जिसके चलते बुलडोजर वापस लौट गया और कब्जा पूरी तरह नहीं हटाया जा सका। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने मौके पर ही अधिकारियों से पूरा अतिक्रमण हटवाने की मांग की थी, क्योंकि उन्हें विवाद की आशंका थी। आरोप है कि उसी शाम कब्जा करने वाले पक्ष के कुछ लोगों ने फेलू और कमल पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया तथा घर में घुसकर जान से मारने की धमकी दी। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया। घटना की सूचना डायल-112 पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस के लौटने के बाद भी उन्हें दोबारा धमकियां दी गईं।पीड़ित परिवार विनोद, कनक, राखी, बबलू, पिंकी, गोविंद मजूमदार, प्रशांत, रोहित, निर्मल सरकार, पारूल, सरला, सुनील, गीता, राबिन, विमला, भारत मलिक, पूजा, फेलू, सपना ने जिला प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने, सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कराने तथा शिकायतकर्ता परिवारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।


