पुरानी रंजिश में पांच वर्षीय बच्चे को पीटा, दो पर केस
बलरामपुर के गांव बैरिया खास में पुरानी रंजिश के चलते एक पांच वर्षीय बच्चे पर दो लोगों ने हमला किया। बच्चे को थप्पड़ मारे जाने से उसके बाएं कान में चोट आई है। बच्चे की मां ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मामले की जांच जारी है।

बलरामपुर, संवाददाता। रेहरा बाजार थाना क्षेत्र के ग्राम बैरिया खास के मजरे बैरिया सुर्जनपुर में पुरानी रंजिश को लेकर पांच वर्षीय बच्चे से मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि दो लोगों ने बच्चे को गाली देते हुए थप्पड़ मारे। मारपीट में बच्चे के बाएं कान में चोट आई है। मामले में बच्चे की मां साफिया पत्नी हुकुम अली की तहरीर पर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पीड़िता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि तीन अक्तूबर को वह अपने पति के साथ उतरौला जाने के लिए निकली थी। इसी दौरान उसका पांच वर्षीय बेटा फरमान अली शौच के लिए घर के बाहर खेत की ओर जा रहा था।
तभी पुरानी रंजिश को लेकर गांव की सरीफुन्निसा पत्नी सिराज व रियाज पुत्र मंगरू ने बच्चे को रास्ते में रोक लिया। पीड़िता के मुताबिक, दोनों ने बच्चे के साथ गाली-गलौज की और थप्पड़ मार दिए। इससे उसके बाएं कान में चोट आई है। आरोपियों ने बच्चे को घर के सामने से दोबारा गुजरने पर जान से मारने की धमकी दी है। घटना के बाद परिजन बच्चे को लेकर थाने पहुंचे और पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। थानाध्यक्ष अनिल कुमार दीक्षित ने बताया कि तहरीर के आधार पर सरीफुन्निसा व रियाज के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।


