थ्री डी प्रिंटिंग एंड एडिटिव मैन्यूफैक्चरिंग से होंगे रू-ब-रू
दरभंगा कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में स्पेशलाइज्ड सेंटर ऑन थ्री डी प्रिंटिंग एंड एडिटिव मैन्यूफैक्चरिंग टेक्नोलॉजी का चौथा इंटर्नशिप प्रोग्राम मंगलवार को शुरू हुआ। यह कार्यक्रम 1 से 29 सितंबर तक हाइब्रिड मोड में संचालित होगा। छात्रों को आधुनिक तकनीकी कौशल प्रदान करने के उद्देश्य से इसे आयोजित किया गया है।

राजीव रंजन झा,दरभंगा। दरभंगा कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग (डीसीई) में केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय द्वारा समर्थित एवं सी-डैक, कोलकाता द्वारा क्रियान्वित स्पेशलाइज्ड सेंटर ऑन थ्री डी प्रिंटिंग एंड एडिटिव मैन्यूफैक्चरिंग टेक्नोलॉजी के अंतर्गत चौथे इंटर्नशिप प्रोग्राम का इंडक्शन प्रोग्राम मंगलवार को हुआ। यह इंटर्नशिप प्रोग्राम एक से 29 सितंबर तक हाइब्रिड मोड में संचालित होगा, जिसमें 15 सितंबर तक ऑफलाइन ट्रेनिंग तथा 16 से 29 सितंबर तक ऑनलाइन ट्रेनिंग दी जाएगी। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को थ्री डी प्रिंटिंग एंड एडिटिव मैन्यूफैक्चरिंग की आधुनिक तकनीकों में व्यावहारिक एवं उद्योगोन्मुख कौशल प्रदान करना है। इस अवसर पर प्रधानाचार्य डॉ. चंदन कुमार ने प्रतिभागी विद्यार्थियों को प्रशिक्षण का अधिकतम लाभ उठाने तथा आधुनिक तकनीकी कौशल विकसित करने के लिए प्रेरित किया।
मेकेनिकल इंजीनियरिंग विभागाध्यक्ष डॉ. शशि भूषण ने एडिटिव मैन्यूफैक्चरिंग के क्षेत्र में बढ़ती संभावनाओं एवं तकनीकी दक्षता के महत्व पर प्रकाश डाला। सी-डैक के लैब इंचार्ज प्रफुल्ल चंद्रा ने ऑनलाइन माध्यम से विद्यार्थियों को इंटर्नशिप की प्रशिक्षण प्रक्रिया, नियम, अनुशासन एवं आगामी तकनीकी गतिविधियों की जानकारी प्रदान की। सी-डैक, कोलकाता के चीफ इन्वेस्टिगेटर असीत कुमार सिंह एवं डॉ. डीवाई पाटिल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, पुणे के सहायक प्राध्यापक डॉ. स्वरूप कुमार मंडल ने भी विद्यार्थियों को मार्गदर्शन दिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को थ्री डी प्रिंटिंग एंड एडिटिव मैन्यूफैक्चरिंग, सीएटीआईए/सीएडी सॉफ्टवेयर, लेबोरेट्री ओरिएंटेशन, इंटर्नशिप रोडमैप, इवेल्यूशन एवं सर्टिफिकेशन से संबंधित जानकारी दी गई।


