बघौली में 375 शिक्षकों ने लिया एफएलएन प्रशिक्षण
संतकबीरनगर में बघौली के ब्लॉक संसाधन केंद्र पर बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मकता पर आधारित प्रशिक्षण आयोजित किया गया। 375 प्राथमिक शिक्षकों ने इस प्रशिक्षण में भाग लिया, जिसमें गणितीय समझ और पाठ योजना बनाने में सहायक नई संदर्शिका का उपयोग करने पर जोर दिया गया। यह प्रशिक्षण 29 जुलाई से शुरू हुआ था।

संतकबीरनगर, निज संवाददाता। ब्लॉक संसाधन केंद्र बघौली पर चल रहा बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मकता (एफएलएन) पर आधारित प्रशिक्षण सोमवार को सम्पन्न हो गया। कुल चार बैच में 375 प्राथमिक शिक्षकों ने प्रशिक्षण लिया।बीआरसी पर एफएलएन प्रशिक्षण 29 जुलाई को शुरू हुआ था। इस दौरान शिक्षकों को बुनियादी साक्षरता एवं संख्या ज्ञान के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षण में शिक्षकों को गणित संदर्शिका का अधिक से अधिक उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। संदर्भदाताओं ने बताया कि नई संदर्शिका शिक्षकों को पाठ योजना बनाने में काफी सहायक साबित होगी। इससे बच्चों में भाषा के साथ ही गणितीय समझ विकसित करने में काफी मदद मिलेगी।
प्रशिक्षण के दौरान गणित विषय को रुचिकर व आसान बनाने के लिए बच्चों को अपने परिवेश से जोड़कर पढ़ाने पर जोर दिया गया। इस दौरान जीआरआर, ईएलपीएस तथा 4 ब्लॉक मॉडल पर विस्तृत चर्चा हुई। प्रशिक्षु शिक्षकों ने एनसीईआरटी द्वारा लागू कक्षा 4 की अंग्रेजी की नई पाठ्यपुस्तक संतूर के विषयवस्तु को भी समझा। प्रशिक्षण के दौरान मुख्य रूप से बीईओ बघौली निधि श्रीवास्तव, एआरपी अरविन्द मिश्र, दिनेश कुमार शुक्ल, धर्मेंद्र पाल, अजय कुमार, नवीन त्रिपाठी, शिक्षक हरिकिशोर सिंह, अनिल कुमार, रामजीत यादव, मनोज, सुबाष चंद्र, प्रभा वर्मा, माया मिश्रा, रेनू अग्रहरि, चंद्रेश यादव, संगीता सिंह, सुनीता मिश्रा, गुंजा, अर्चना, कनीज फातिमा, सूफिया खान आदि उपस्थिति रहीं।


