सुपौल : सुरेंद्र भारती व ई. आलोक राई को मिला साहित्य सम्मान
त्रिवेणीगंज में आयोजित 34वें राष्ट्रीय हिंदी साधक सम्मान समारोह में वरिष्ठ साहित्यकार सुरेंद्र भारती और कवि ई. आलोक राई को सम्मानित किया गया। डॉ. मांगन मिश्र मार्तण्ड की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न साहित्यकारों ने हिंदी भाषा और साहित्य के विकास पर विचार साझा किए।
त्रिवेणीगंज, निज प्रतिनिधि। पूर्णिया जिला स्कूल प्रशाल में तरुणोदय सांस्कृतिक विकास परिषद के तत्वावधान में आयोजित 34वें राष्ट्रीय हिंदी साधक सम्मान समारोह में त्रिवेणीगंज के वरिष्ठ साहित्यकार सुरेंद्र भारती एवं कवि ई. आलोक राई को सम्मानित किया गया। सम्मान मिलने पर क्षेत्र के साहित्यप्रेमियों ने दोनों साहित्यकारों को बधाई दी। समारोह की अध्यक्षता डॉ. मांगन मिश्र मार्तण्ड ने की। मुख्य अतिथि बाबा बैद्यनाथ झा एवं गिरजानंद मिश्र तथा विशिष्ट अतिथि कल्पना तिवारी और डॉ. उत्तिमा केशरी मौजूद थीं। कार्यक्रम का संचालन प्रो. गजाधर यादव ने किया। सम्मान सत्र में ई. आलोक राई को ‘तरुणोदय साहित्य सम्मान’ से रेशमी चादर, प्रतीक चिह्न एवं सम्मान पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
मालूम हो कि ई आलोक राई महाकवि कई चर्चित किताब के रचयिता स्व डॉ धुबनारायन सिंह राई के पुत्र हैं। वहीं वरिष्ठ साहित्यकार सुरेंद्र भारती को भी साहित्य के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। विचार सत्र में सुरेंद्र भारती समेत अन्य साहित्यकारों ने हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार और साहित्य के विकास पर अपने विचार रखे। इसके बाद आयोजित कवि सम्मेलन में सुरेंद्र भारती और ई. आलोक राई ने भी अपनी काव्य प्रस्तुतियां दीं। उनकी रचनाओं को उपस्थित साहित्यप्रेमियों ने सराहा।


