शहर में आज सजेगा ‘स्वदेशी व्यापारी कुंभ’
अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल और उत्तर प्रदेश युवा उद्योग व्यापार मंडल अपनी 33वीं वर्षगांठ पर स्वदेशी व्यापारी कुंभ आयोजित करेगा। इस कार्यक्रम में हजारों व्यापारी एकजुटता प्रदर्शित करेंगे और व्यापारियों की समस्याओं पर चर्चा होगी। कार्यक्रम में वित्त मंत्री और कई राज्यों के प्रतिनिधि शामिल होंगे।

अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल एवं उत्तर प्रदेश युवा उद्योग व्यापार मंडल अपनी स्थापना की 33वीं वर्षगांठ के अवसर पर गुरुवार को ‘स्वदेशी व्यापारी कुंभ’ आयोजित करेगा। बाबा साहब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय के सभागार में आयोजित इस राष्ट्रीय महाकुंभ में देशभर से हजारों व्यापारी शामिल होकर अपनी एकजुटता की ताकत दिखाएंगे। संगठन के महानगर अध्यक्ष सुरेश छाबलानी के नेतृत्व में बुधवार को व्यापारियों ने कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार के लिए शहर में दोपहिया वाहन रैली निकाली। इस दौरान वाहन रैली उतरेठिया, तेलीबाग, मुरलीनगर, विधानसभा मार्ग, हुसैनगंज होते हुए ऐशबाग रोड पहुंची। कार्यक्रम में वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप बंसल, प्रदेश अध्यक्ष रिपन कंसल, स्वदेशी जागरण मंच के सह संयोजक अजय सहित कई राज्यों के प्रतिनिधि शिरकत करेंगे।
व्यापारी कुंभ के दौरान व्यापारियों के सम्मान और उनकी प्रमुख समस्याओं-जैसे अलीगंज में सीलिंग और बिना कनेक्शन जल बिल-पर प्रमुखता से चर्चा होगी। इस अवसर पर संगठन के 36 वर्षों के गौरवशाली इतिहास को दर्शाती एक विशेष प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।


