बीपी इंटर विद्यालय में 32वीं जिला स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस का आयोजन आज
बीपी इंटर स्कूल में शुक्रवार को शिक्षकों के साथ बैठक कर प्राचार्य कामिनी कुमारी ने शिक्षकों के दायित्व का किया निर्धारण

बेगूसराय, हमारे प्रतिनिधि। 32वीं राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस का जिला स्तरीय कार्यक्रम 12 सितंबर को बीपी इंटर स्कूल में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में अनुमंडल से चयनित प्रतिभागी शामिल होंगे। छात्र-छात्राएं अपने-अपने विज्ञान प्रोजेक्ट प्रस्तुत कर वैज्ञानिक सोच, नवाचार और समस्या समाधान से जुड़े अपने प्रयोगों व विचारों को निर्णायक मंडल के समक्ष रखेंगे।
कार्यक्रम की तैयारी
बीपी इंटर स्कूल की प्राचार्य कामिनी कुमारी ने बताया कि कार्यक्रम को लेकर विद्यालय स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आयोजन को सफल बनाने के लिए शिक्षकों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। प्रतिभागियों के प्रोजेक्ट के प्रदर्शन के लिए आवश्यक व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने बताया कि जिला स्तरीय आयोजन में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को आगे की प्रतियोगिता के लिए चयनित किया जाएगा।
प्रतिभागियों के लिए दिशा-निर्देश
वहीं इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी ने सभी सरकारी एवं गैर सरकारी माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को पत्र जारी कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। पत्र के अनुसार इस वर्ष बाल विज्ञान कांग्रेस का मुख्य विषय निरंतरता के लिए विज्ञान एवं नवाचार है। इसके तहत छात्र-छात्राएं विभिन्न वैज्ञानिक परियोजनाओं का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता के लिए पांच उप-विषय निर्धारित किए गए हैं। इनमें कचरा प्रबंधन, ऊर्जा के लिए ई 4, जल प्रबंधन, भोजन-कृषि एवं स्वास्थ्य तथा निरंतरता के लिए भारतीय ज्ञान प्रणाली शामिल हैं। परियोजना गतिविधि एवं प्रयोग आधारित होगी। रिपोर्टर:प्रवीण कुमार


