शिक्षक बच्चों में वैज्ञानिक सोच और समझ करें विकसित
राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस की जिला स्तरीय अभिमुखीकरण कार्यशाला आयोजित राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस की जिला स्तरीय अभिमुखीकरण कार्यशाला आयोजितराष

चंदौली, संवाददाता। सदर विकासखंड के राजकीय हाईस्कूल खुरुहुजा में शनिवार को 32वीं राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस-2026 के तहत जिला स्तरीय मार्गदर्शक शिक्षक अभिमुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य सुरेंद्र कुमार सिंह और जिला समन्वयक देवानंद यादव ने मां सरस्वती के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यशाला में जिला समन्वयक देवानंद यादव ने राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस के उद्देश्य, पंजीकरण प्रक्रिया और विभिन्न चरणों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने शिक्षकों को बाल वैज्ञानिकों के प्रोजेक्ट तैयार कराने की प्रक्रिया, विषय चयन, परियोजना निर्माण और प्रस्तुतीकरण के संबंध में आवश्यक जानकारी प्रदान की।
कहा कि बच्चों में वैज्ञानिक सोच और जिज्ञासा विकसित करने के लिए उन्हें अपने आसपास की समस्याओं को वैज्ञानिक दृष्टिकोण से समझने और उनके समाधान खोजने के लिए प्रेरित किया जाना चाहिए। एसआरजी अनिता ने विज्ञान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विज्ञान दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा है। बच्चों में प्रयोग, निरीक्षण और तार्किक चिंतन की प्रवृत्ति विकसित करना शिक्षकों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। कार्यशाला में जनपद के बेसिक शिक्षा विभाग एवं माध्यमिक विद्यालयों से एक-एक शिक्षक ने प्रतिभाग किया। इस मौके पर एसआरजी माध्यमिक पद्मश्री, वारिज लोचन, संध्या, रक्षा रानी, गार्गी, बृजकिशोर, मनोज राय, आलिशा, अभय सिंह सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे। कार्यक्रम में शिक्षकों ने बाल विज्ञान कांग्रेस से जुड़ी गतिविधियों और परियोजना निर्माण के संबंध में जानकारी प्राप्त की।


