3172 विद्यार्थी नहीं ले रहे अंकपत्र
प्रयागराज में राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान (एनआईओएस) में 2018 से अब तक 3172 विद्यार्थी परीक्षा पास करने के बावजूद अपना अंकपत्र नहीं ले गए हैं। इनमें कई छात्रों ने एक से अधिक संस्थानों में परीक्षा दी है और कम अंक वाले संस्थान का अंकपत्र नहीं लिया। ये अंकपत्र 10 साल तक सुरक्षित रहेंगे।

प्रयागराज। राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान (एनआईओएस) में वर्ष 2018 से अब तक 3172 विद्यार्थी परीक्षा पास करने के बाद भी अपना अंकपत्र नहीं ले गए हैं। पब्लिक परीक्षा के विद्यार्थियों को अंकपत्र शिक्षण संस्थान से मिलता है, जबकि ऑन डिमांड परीक्षा देने वालों के पते पर भेजा जाता है। एनआईओएस अधिकारियों के अनुसार अंकपत्र नहीं लेने वाले विद्यार्थियों में बड़ी संख्या ऐसे छात्रों की है, जिन्होंने दो संस्थानों में प्रवेश लेकर दोनों जगह परीक्षा दी। जिस संस्थान में अधिक अंक आए, वहां का अंकपत्र ले लिया और कम अंक वाले संस्थान का अंकपत्र छोड़ दिया। कुछ विद्यार्थी अंक बढ़ाने के लिए दोबारा प्रवेश लेते हैं और कम अंक आने पर पुराना अंकपत्र नहीं लेते।
कुछ विद्यार्थी डुप्लीकेट अंकपत्र भी निकलवा लेते हैं। संस्थान के स्तर से अंकपत्र विद्यार्थियों तक पहुंचाने की व्यवस्था होने के बावजूद इनके नहीं लेने से संख्या बनी हुई है। अधिकारियों के अनुसार अंकपत्र 10 वर्ष तक सुरक्षित रखे जाएंगे, इसके बाद नियमानुसार नष्ट कर दिए जाएंगे।


