आज 301 पुलिस और दमकल कर्मियों को मिलेंगे वीरता पुरस्कार
केंद्र सरकार ने स्वतंत्रता दिवस पर 301 वीरता मेडल देने की घोषणा की है। इनमें 197 नक्सलवाद और उग्रवाद प्रभावित क्षेत्रों में कार्यरत पुलिस और दमकल कर्मियों का योगदान है। कुल 1057 कर्मचारियों को वीरता और सेवा मेडल से सम्मानित किया जाएगा। जम्मू-कश्मीर से सर्वाधिक 51 वीरता पुरस्कार शामिल हैं।

नई दिल्ली, एजेंसी। केंद्र सरकार ने शुक्रवार को बताया कि स्वतंत्रता दिवस पर देशभर के पुलिस और दमकल कर्मियों को वीरतापूर्ण कार्यों के लिए 301 मेडल दिए जा रहे हैं। इनमें 197 ऐसे कर्मी शामिल हैं, जिन्होंने नक्सलवाद और वामपंथी उग्रवाद प्रभावित क्षेत्रों में बहादुरी के साथ अपनी सेवाएं दीं। एक बयान में यह जानकारी दी गई। बयान के अनुसार, स्वतंत्रता दिवस पर पुलिस, दमकल, होमगार्ड, सिविल डिफेंस और सुधार सेवाओं से जुड़े कुल 1057 कर्मचारियों को वीरता और सेवा मेडल से सम्मानित किया जाएगा। कुल 301 वीरता पुरस्कारों में 272 पुलिस और 29 दमकल कर्मी हैं। इनमें सबसे अधिक 51 जम्मू-कश्मीर से, 12 पूर्वोत्तर राज्यों से और 41 देश के अन्य राज्यों से हैं।केंद्र
ने 92 कर्मियों को विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति मेडल की भी घोषणा की है। इनमें 83 पुलिस, चार दमकल, तीन सिविल डिफेंस एवं होमगार्ड, दो सुधार सेवा कर्मी हैं। वहीं, 664 सराहनीय सेवा मेडल भी दिए जा रहे हैं। इनमें 606 पुलिस, 28 दमकल, 18 सिविल डिफेंस एवं होम गार्ड और 12 सुधार सेवा के कर्मचारी हैं।


