जिले के तीन बाल वैज्ञानिक नई दिल्ली में दिखाएंगे प्रतिभा
झारखंड के 30 बाल वैज्ञानिक 12 से 14 अक्टूबर तक नई दिल्ली के भारत मंडपम में होने वाली 12वीं राष्ट्रीय इंस्पायर अवॉर्ड-मानक प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। इनमें पूर्वी सिंहभूम के तीन विद्यार्थी अपने मॉडल और प्रोजेक्ट के जरिए राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस बीच, शिक्षा विभाग ने 2026 के लिए 50 हजार नामांकन का लक्ष्य रखा है। अब तक 39,570 नामांकन दर्ज किए जा चुके हैं।

पूर्वी सिंहभूम के तीन समेत झारखंड के 30 बाल वैज्ञानिक 12 से 14 अक्तूबर तक नई दिल्ली के भारत मंडपम में होने वाली 12वीं राष्ट्रीय इंस्पायर अवॉर्ड-मानक प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। यह आयोजन विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, भारत सरकार के तत्वावधान में राष्ट्रीय नवप्रवर्तन प्रतिष्ठान कर रहा है। बाल वैज्ञानिकों की टीम 10 अक्तूबर को रांची रेलवे स्टेशन से दिल्ली के लिए रवाना होगी। निदेशक माध्यमिक शिक्षा राजेश कुमार उन्हें हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। रवाना होने से पहले चयनित बच्चों को प्रतियोगिता से जुड़ी जरूरी जानकारियां दी जाएंगी, ताकि वे राष्ट्रीय मंच पर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर सकें। प्रतियोगिता में जमशेदपुर से संत नंदलाल स्मृति विद्या मंदिर घाटशिला के तुषार दास, एईसी सेंट्रल स्कूल तुरामीडह के श्रवण कुमार और काशीडीह हाई स्कूल साकची के शुभम शामिल हैं।
ये छात्र अपने मॉडल और प्रोजेक्ट के जरिए झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे।दूसरी ओर, वर्ष 2026 के इंस्पायर अवॉर्ड-मानक नॉमिनेशन को लेकर क्षेत्रीय शिक्षा संयुक्त निदेशक सह राज्य नोडल पदाधिकारी नीलम आईलिन टोप्पो ने राज्य स्तरीय ऑनलाइन बैठक की। इसमें जिला शिक्षा पदाधिकारियों को 50 हजार नॉमिनेशन का लक्ष्य हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए गए। सहायक राज्य नोडल पदाधिकारी डॉ. शाहनवाज कुरैशी ने बताया कि अब तक 39,570 नॉमिनेशन हो चुके हैं और अंतिम तिथि 10 अक्तूबर है। पलामू 4,596 नॉमिनेशन के साथ पहले, धनबाद 2,828 के साथ दूसरे और रांची 2,636 के साथ तीसरे स्थान पर है। हजारीबाग चौथे तथा पूर्वी सिंहभूम 2,490 नॉमिनेशन के साथ पांचवें स्थान पर है।

