रक्षा लेखा विभाग की 279वीं वर्षगांठ पर सांस्कृतिक व खेलकूद प्रतियोगिताएं हुईं
लखनऊ में रक्षा लेखा विभाग का 279वां स्थापना दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के साथ ही स्वच्छता अभियान, आयुर्वेद दिवस पर सेमिनार और रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। प्रधान नियंत्रक ने विभाग की हिंदी पत्रिका का विमोचन किया और उत्कृष्ट प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए।

लखनऊ, संवाददाता। रक्षा लेखा विभाग का 279वां स्थापना दिवस गुरुवार को क्षेत्रीय प्रशिक्षण केंद्र के रामायण प्रेक्षागृह में मनाया गया। रक्षा मंत्रालय के अधीन कार्यरत विभाग के स्थापना दिवस पर विभिन्न सांस्कृतिक और खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इस दौरान स्वच्छता हमारी जिम्मेदारी अभियान, आयुर्वेद दिवस पर सेमिनार और रक्तदान शिविर का आयोजन भी किया गया। कार्यक्रम में भारतीय रक्षा लेखा सेवा के पूर्व वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। समारोह में प्रधान नियंत्रक संजय कुमार चौधरी ने विभाग की हिंदी पत्रिका रक्षा लेखा भारती के 18वें संस्करण का विमोचन किया। साथ ही अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए नवीनीकृत जलपान गृह का उद्घाटन किया गया।
समापन पर प्रधान नियंत्रक ने अधिकारियों-कर्मचारियों को संबोधित कर विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए। एकीकृत वित्तीय सलाहकार मयंक बिष्ट, अपर नियंत्रक पुस्कराज भारती व चन्द्र प्रकाश, संयुक्त एकीकृत वित्तीय सलाहकार हिमांशू त्रिपाठी समेत विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

