छत्तीसगढ़ : अवैध रूप से रह रहे 23 बांग्लादेशियों की पहचान
हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में 23 संदिग्ध बांग्लादेशियों को पुलिस ने हिरासत में लिया। यह कार्रवाई फर्जी दस्तावेजों के इस्तेमाल को लेकर की गई। एसटीएफ ने दो महीने में 1,162 लोगों की जांच के बाद संदिग्धों का पता लगाया। पुलिस ने अवैध प्रवासियों के खिलाफ अभियान चलाया है।

बिलासपुर, एजेंसी। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल कर रह रहे 23 संदिग्ध बांग्लादेशियों को जिला पुलिस के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने हिरासत में लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) रजनेश सिंह ने रविवार को बताया कि अपर पुलिस अधीक्षक (आईयूसीएडब्ल्यू) रशमीत कौर चावला की अगुवाई वाली एसटीएफ अवैध रूप से रह रहे संदिग्ध प्रवासियों, बांग्लादेश से आए घुसपैठियों और बिना वैध दस्तावेजों के रह रहे लोगों की पहचान के लिए अभियान चला रही है। उन्होंने बताया, एसटीएफ ने दो महीने में जिलेभर में लगभग 1,162 लोगों की जांच कर 23 लोगों का पता लगाया। इन्होंने गलत या फर्जी दस्तावेज जमा किए थे।


