दीक्षांत समारोह में रम्या सिंह को मिलेगा कुलाधिपति स्वर्ण पदक
उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय का 21वां दीक्षांत समारोह शुक्रवार को होगा। समारोह में 26 स्वर्ण पदक वितरित किए जाएंगे। मुख्य अतिथि पद्मश्री मालिनी अवस्थी होंगी। कुल 30886 शिक्षार्थियों को उपाधि दी जाएगी। विशेष रूप से 12 मेधावियों को दानदाता स्वर्ण पदक से सम्मानित किया जाएगा।
उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय का 21वां दीक्षांत समारोह शुक्रवार सुबह 10 बजे सरस्वती परिसर के अटल प्रेक्षागृह में होगा। अध्यक्षता राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल करेंगी। मुख्य अतिथि शास्त्रीय एवं लोक गायिका पद्मश्री मालिनी अवस्थी दीक्षांत उद्बोधन देंगी। उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय तथा उच्च शिक्षा राज्यमंत्री रजनी तिवारी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगी। समारोह में शिक्षार्थियों को 26 स्वर्ण पदक दिए जाएंगे। कुलपति प्रो. सत्यकाम ने बुधवार को मीडिया को बताया कि दिसम्बर-2025 सत्र तथा जून-2026 सत्र में उत्तीर्ण 30886 शिक्षार्थियों को उपाधि दी जाएगी। उपाधियां डिजीलॉकर पर उपलब्ध होगी। समारोह में देव इन्द्रावती महाविद्यालय आंबेडकर नगर के अध्ययन केन्द्र की बीएससी की छात्रा रम्या सिंह को कुलाधिपति स्वर्ण पदक समेत कुल चार स्वर्ण पदक दिया जाएगा। बीएससी प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण करने वाली रम्या सभी स्नातक एवं स्नातकोत्तर परीक्षाओं में उत्तीर्ण सभी शिक्षार्थियों में सर्वश्रेष्ठ रहीं। इस बार स्नातकोत्तर वर्ग में सात टॉपर्स को विश्वविद्यालय स्वर्ण पदक दिए जा रहे हैं। मानविकी विद्याशाखा से लाल बहादुर शास्त्री पीजी कॉलेज गोण्डा अध्ययन केंद्र के एमए (पत्रकारिता एवं जनसंचार) के छात्र शोभित मौर्या, समाज विज्ञान विद्याशाखा से बीएम मेमोरियल डिग्री कॉलेज आंबेडकर नगर अध्ययन केंद्र के एमए (समाजशास्त्र) की छात्रा श्रेया यादव, विश्वविद्यालय मुख्य परिसर की एमकॉम की छात्रा रिदम पांडेय को प्रबंधन अध्ययन विद्याशाखा जबकि एमसीए के छात्र राहुल कुमार मिश्रा को कंप्यूटर एवं सूचना विज्ञान विद्याशाखा से चुना गया है。
स्वर्ण पदक वितरण
शिक्षा विद्याशाखा से जीएसए कॉलेज ऑफ एजूकेशन आगरा की एमए (शिक्षाशास्त्र) की छात्रा कुमारी दीपिका राठौर, विज्ञान विद्याशाखा से राम लगन महाविद्यालय मऊ की एमएससी (जैव रसायन) की छात्रा हया मतलूब, स्वास्थ्य विज्ञान विद्याशाखा से रघुनाथ गर्ल्स पीजी कॉलेज मेरठ की एमएससी (फूड एंड न्यूट्रीशन) की छात्रा तान्या त्यागी को विश्वविद्यालय स्वर्ण पदक दिया जाएगा। स्नातक वर्ग में छह टॉपर्स को विश्वविद्यालय स्वर्ण पदक दिए जाएंगे।
विशेष छात्राएं और छात्र
मानविकी विद्याशाखा से सरदार पटेल स्मारक महाविद्यालय आंबेडकर नगर की बीए की छात्रा सरिता वर्मा, समाज विज्ञान विद्याशाखा से डॉ. परशुराम दीनबंधु महाविद्यालय आंबेडकर नगर की बीए की छात्रा आकृति पटेल, प्रबंधन अध्ययन विद्याशाखा से रामलगन महाविद्यालय मऊ की बीकॉम की छात्रा मरियम खानम शाहिद खान, शिक्षा विद्याशाखा से विश्वविद्यालय मुख्य परिसर के बीएड (विशिष्ट शिक्षा) के छात्र जितेन्द्र कुमार जायसवाल, विज्ञान विद्याशाखा से देव इन्द्रावती महाविद्यालय आंबेडकर नगर की बीएससी की छात्रा रम्या सिंह, स्वास्थ्य विज्ञान विद्याशाखा से डीवीएस कॉलेज आगरा के बीएससी (ह्यूमन न्यूट्रीशन) के छात्र कुशाग्र सिंह को विश्वविद्यालय स्वर्ण पदक दिया जाएगा। 12 मेधावियों को दानदाता स्वर्ण पदक से सम्मानित किया जाएगा।


