शौच करने निकला युवक दूसरे के घर में अधमरा मिला
हिन्दुस्तान, हाजीपुर
बिदुपुर डीह गांव में 19 वर्षीय नीतीश कुमार रातभर घर नहीं लौटा और सुबह अधमरे अवस्था में एक घर के अंदर मिला। पुलिस को नीतीश के शरीर पर जख्मों के निशान मिले हैं। परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां से उसे गंभीर स्थिति में रेफर किया गया। इस घटना को लेकर गांव में प्रेम-प्रसंग की बातें चल रही हैं।

बिदुपुर थाना क्षेत्र के बिदुपुर डीह गांव में सोमवार शाम शौच के लिए घर से निकला 19 वर्षीय नीतीश कुमार मंगलवार सुबह दूसरे के घर में अधमरा मिला। गनौर राय का पुत्र नीतीश रात भर घर नहीं लौटा। सुबह करीब 6:30 बजे परिजनों को घर से 150 मीटर दूर मंजेश राय के घर में उसके पड़े होने की सूचना मिली। शरीर पर कई जगह जलाने के निशान थे और बेरहमी से पिटाई की गई थी। घटनास्थल पर एक कोटा का डिब्बा भी मिला। परिजन उसे बिदुपुर अस्पताल ले गए,जहां से सदर रेफर कर दिया गया। बेहोशी के कारण उसका बयान नहीं हो सका।
घटना को लेकर गांव में प्रेम-प्रसंग की चर्चा है, जिसकी पुलिस ने पुष्टि नहीं की है। -अनिरुद्ध राजा

