एशियन गेम्स में द्रोणाचार्य कॉलेज की निकिता ने दिखाया दम
भारत की जीत में निभाई अहम भूमिका एशियन गेम्स में द्रोणाचार्य कॉलेज की निकिता ने दिखाया दम

भारत की जीत में निभाई अहम भूमिका ईरान के खिलाफ दबाव भरे मुकाबले में 17 वर्षीय निकिता ने किए दो सुपर रेड
निकिता का शानदार प्रदर्शन
कोई रेड नहीं गई खाली, भारतीय कबड्डी टीम को दिलाई मजबूत बढ़त
गुरुग्राम, साक्षी रावत। शहर के द्रोणाचार्य राजकीय महाविद्यालय की 17 वर्षीय प्रतिभाशाली कबड्डी खिलाड़ी निकिता ने एशियन गेम्स में भारतीय सीनियर टीम की ओर से अपने पहले ही मुकाबले में शानदार प्रदर्शन कर गुरुग्राम का नाम रोशन किया। भारत और ईरान के बीच खेले गए रोमांचक मुकाबले में जब भारतीय टीम दबाव की स्थिति में थी, उस समय निकिता को मैदान पर उतारा गया। महज 17 वर्ष की उम्र में पहली बार सीनियर भारतीय टीम की जर्सी में उतरी निकिता ने निर्णायक समय में बेहतरीन खेल दिखाते हुए टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
मुख्य खेल क्षण
द्रोणाचार्य राजकीय महाविद्यालय के खेल विभागाध्यक्ष, पद्मश्री एवं द्रोणाचार्य अवार्डी कबड्डी प्रशिक्षक डॉ. सुनील डबास ने बताया कि निकिता ने मुकाबले में दो महत्वपूर्ण सुपर रेड किए। खास बात यह रही कि उसकी कोई भी रेड खाली नहीं गई। दबाव भरे क्षणों में निकिता ने अपनी ताकत, आत्मविश्वास और खेल की समझ का शानदार परिचय दिया। उसकी प्रभावी रेड के दम पर भारतीय टीम ने मुकाबले में अपनी स्थिति मजबूत की और ईरान की पूरी टीम को ऑलआउट करने में भी सफलता हासिल की। 17 वर्षीय निकिता के लिए यह मुकाबला इसलिए भी खास रहा, क्योंकि वह पहली बार भारतीय सीनियर कबड्डी टीम का हिस्सा बनी हैं। अनुभवी खिलाड़ियों के बीच अंतरराष्ट्रीय स्तर के बड़े मुकाबले में मैदान पर उतरना किसी युवा खिलाड़ी के लिए चुनौतीपूर्ण होता है, लेकिन निकिता ने इस चुनौती को पूरी मजबूती के साथ स्वीकार किया। जब टीम को उसकी जरूरत थी, उसने आक्रामक खेल के साथ-साथ सूझबूझ का भी परिचय दिया।
निकिता की उपलब्धियाँ
निकिता के प्रदर्शन से न केवल भारतीय टीम को मजबूती मिली, बल्कि द्रोणाचार्य राजकीय महाविद्यालय के खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में भी उत्साह का माहौल है। निकिता इससे पहले बहरीन में आयोजित यूथ एशियन गेम्स में भारतीय टीम की कप्तानी भी कर चुकी हैं। कम उम्र में ही अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करने और टीम की कप्तानी करने के बाद अब सीनियर भारतीय टीम में जगह बनाना उनके खेल करियर की बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। द्रोणाचार्य राजकीय महाविद्यालय की प्राचार्या मनीषा राणा और पूरे महाविद्यालय परिवार ने भी निकिता के शानदार प्रदर्शन पर उन्हें बधाई दी। प्राचार्या ने कहा कि निकिता ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और आत्मविश्वास के दम पर महाविद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है。

