दिनदहाड़े जबरन किशोरी को बाइक पर बैठा ले जाने का आरोप
श्रावस्ती में एक 17 वर्षीय दलित किशोरी का अपहरण मामले में आरोप लगाया गया है। उसे मेडिकल परीक्षण और न्यायालय की प्रक्रिया के लिए ले जाते समय जबरन बाइक पर बैठाकर ले जाया गया। परिजनों ने पुलिस सुरक्षा तंत्र में लापरवाही का आरोप लगाया है और किशोरी की मां ने तात्कालिक कार्रवाई की मांग की है।

श्रावस्ती,संवाददाता। गिलौला थाना क्षेत्र से एक 17 वर्षीय दलित किशोरी को दिनदहाड़े जबरन बाइक पर बैठाकर ले जाने का मामला सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि किशोरी का अपहरण उस समय किया गया, जब उसे मेडिकल परीक्षण व न्यायालय की प्रक्रिया के लिए भिनगा ले जाया जा रहा था। किशोरी की मां ने बताया कि दो सितंबर को गांव का रहने वाला सूरज वर्मा पुत्र सुग्रीव उनकी 17 वर्षीय बेटी को शादी का झांसा देकर भगा ले गया था। मामले में गिलौला थाने में तहरीर दी गई थी।परिजनों के मुताबिक तीन सितंबर को पुलिस ने सूरज वर्मा के खिलाफ अपहरण व एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर किशोरी को बरामद कर लिया था।
इसके बाद पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी। आरोप है कि थाने से परिजनों को बताया गया था कि पांच सितंबर को किशोरी को भिनगा ले जाना है, जहां उसका मेडिकल परीक्षण व न्यायालय से संबंधित प्रक्रिया पूरी होनी है। परिजनों का आरोप है कि जब वे किशोरी को लेकर लालपुर चौराहे के पास पहुंचे, तभी मुख्य आरोपी सूरज वर्मा समेत तीन-चार लोगों ने मिलकर किशोरी को कथित तौर पर जबरन उठाकर बाइक पर बैठा ले गए। इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल होने की बात सामने आई है, जिसमें एक किशोरी को बाइक पर ले जाते हुए देखा जा सकता है। हालांकि, वायरल वीडियो का हिंदुस्तान समाचार पत्र पुष्टि नहीं करता है। घटना के बाद परिजनों ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि किशोरी संवेदनशील कानूनी प्रक्रिया से गुजर रही थी, ऐसे में उसकी सुरक्षा के लिए महिला पुलिसकर्मी का साथ होना जरूरी था, लेकिन मौके पर कोई पुलिसकर्मी मौजूद नहीं था। परिजनों का आरोप है कि सुरक्षा व्यवस्था में कथित लापरवाही के कारण आरोपियों का हौसला बढ़ा और उन्होंने किशोरी को दोबारा अपने कब्जे में ले लिया। अब इस पूरे मामले ने महिला सुरक्षा, पुलिस सुरक्षा व्यवस्था और नाबालिग से जुड़ी कानूनी प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। किशोरी की मां ने पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी से मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी और उसके सहयोगियों की गिरफ्तारी तथा किशोरी को सुरक्षित बरामद करने की मांग की है। वही सीओ इकौना आलोक कुमार सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर किशोरी को बरामद कर लिया गया है। किशोरी को वन स्टॉप सेंटर ले जाया गया है।


