सीतामढ़ी में अधेड़ की हत्या मामले में 17 पर प्राथमिकी
सीतामढ़ी थाना क्षेत्र में एक अधेड़ की हत्या के मामले में 17 लोगों को नामजद किया गया है। भू-विवाद के चलते यह घटना हुई, जिसमें 58 वर्षीय साधु चौहान की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की है और गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।

जिले के सीतामढ़ी थाना क्षेत्र के सहबाजपुर सराय के मिल्की गांव में अधेड़ की हुई हत्या मामले में 17 लोगों को नामजद बनाया गया है। इनमें मिल्की गांव का बिपिन चौहान, विकास चौहान, पिंटू चौहान व केश्वर चौहान के अलावा 13 अन्य शामिल हैं। मृतक के पुत्र सुजीत चौहान के आवेदन पर मामले में 27 अगस्त को दर्ज कांड संख्या-97/26 में भू-विवाद से जुड़े मामले में आरोपितों द्वारा घेरकर लाठी-डंडा व पसुली से वार कर बुरी तरह से दो लोगों को घायल कर देने का आरोप है। घटना गुरुवार की दोपहर मिल्की गांव की है। दोनों घायलों को इलाज के लिए तत्काल मेसकौर पीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां इनमें से एक की इलाज के क्रम में गुरुवार की शाम मौत हो गयी। मृतक 58 वर्षीय साधु चौहान मिल्की गांव के चौथी चौहान के पुत्र थे। वहीं घायल महिला की पहचान मिल्की गांव के कारू चौहान की पत्नी कारी देवी के रूप में की गयी है। इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि वर्तमान में वह एक प्राइवेट अस्पताल में इलाजरत हैं।
डीएसपी व फॉरेंसिक टीम ने जायजा लिया
घटना की सूचना पर सीतामढ़ी एसएचओ पप्पू शर्मा मौके पर पहुंचे और तत्काल घटना की सूचना वरीय पदाधिकारियों को दी गयी। साथ ही घटनास्थल को सुरक्षित कर फॉरेंसिक टीम बुलायी गयी। फॉरेंसिक टीम ने मौके से ब्लड से सने कपड़े आदि कई सैंपल जब्त किये। वहीं मौके पर पहुंचे रजौली के डीएसपी मो. शाहनवाज अख्तर ने स्थानीय पुलिस के साथ आरोपितों के संबंधित ठिकाने पर देर रात छापेमारी की। परंतु इनमें से किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी। बताया जा रहा है कि सभी आरोपित फिलवक्त गांव छोड़कर फरार हो चुके हैं। वहीं पुलिस लगातार आरोपितों के ठिकाने का पता लगाने की कोशिश में जुटी है।
गांव में पुलिस प्रतिनियुक्त
शव हैंडओवर घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिसबल प्रतिनियुक्त कर दिया गया है। थानाध्यक्ष की मॉनिटरिंग में गांव व आसपास के इलाके में लगातार गश्त लगाया जा रहा है। इधर, शुक्रवार को सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मचा है। लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। आसपास के लोग परिजनों को शांत कराने में जुटे हैं। बताया जाता है कि दोनों पक्षों के बीच पूर्व से भू-विवाद चला आ रहा है। जिस पर दोनों पक्षों द्वारा अपना-अपना दावा किया जाता रहा है। एसएचओ के मुताबिक इसे लेकर पूर्व में भी दोनों पक्षों के बीच मारपीट की घटना हो चुकी है। जिसमें विकास चौहान समेत कुछ अन्य लोग जेल जा चुके हैं।
वर्जन
अधेड़ व्यक्ति की हत्या मामले में मृतक के पुत्र द्वारा प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है। 17 लोग नामजद बनाये गये हैं। इनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। गांव में पुलिसबल प्रतिनियुक्त कर दिया गया है। एसएचओ को सतर्क रहने के निर्देश दिये गये हैं। ------- अभिनव धीमान, नवादा एसपी। (नवादा/मेसकौर, अरविंद कुमार रवि/रविन्द्र कुमार सिन्हा)


