शतरंज चैंपियनशिप में धैर्य और सौम्या विजेता
मदर्स ग्लोरी रामनगर ने जीती स्कूल ट्रॉफी दीक्षांत स्कूल हल्द्वानी की टीम दूसरे स्थान पर

हल्द्वानी, वरिष्ठ संवाददाता। विकास होटल डोलमार में 15वीं लिटिल मास्टर शतरंज चैंपियनशिप के बालक वर्ग में धैर्य बोरा और बालिका वर्ग में सौम्या मेहरा विजेता बने। कक्षा 12 तक के छात्र-छात्राओं के लिए आयोजित इस प्रतियोगिता में हल्द्वानी के अलावा नैनीताल, रुद्रपुर, बाजपुर, रामनगर, देहरादून, लोहाघाट और काशीपुर के 50 से अधिक उभरते खिलाड़ियों ने हुनर दिखाया। सक्षम दर्शन दूसरे, गर्वित पंत तीसरे, शुभ सिंह सैनी चौथे, दर्शील सुतलाय पांचवें, प्रियांशु पांडे छठे तथा ध्रुवांश भट्ट सातवें स्थान पर रहे। बालिका वर्ग में सौम्या मेहरा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि नायसा सिंह दूसरे और अनवीसा वर्मा तीसरे स्थान पर रहीं।
स्कूल ट्रॉफी पर मदर्स ग्लोरी स्कूल रामनगर ने कब्जा जमाया। दीक्षांत स्कूल हल्द्वानी की टीम दूसरे स्थान पर रही। आरएएन की टीम तीसरे स्थान पर रही। मुख्य अतिथि प्रभागीय लेखाधिकारी, सिंचाई खंड हल्द्वानी सुनील कुमार ने पुरस्कार वितरण किया। बालक वर्ग के शीर्ष 7 और बालिका वर्ग की शीर्ष 3 विजेताओं को 22,000 रुपये से अधिक की नकद इनामी राशि और पुरस्कार प्रदान किए गए। निर्णायक की भूमिका नीरज साह ने निभाई। आयोजन को सफल बनाने में विकास पांडे, सुनील कुमार, जितेंद्र कुमार, किशन तिवारी, कमलेश और राजू का सहयोग रहा।


