150 वर्ष की गौरवशाली विरासत को याद कर भावुक हुए पुरातन छात्र
पूर्व मध्य रेलवे इंटर कॉलेज में दो दिवसीय पुनर्मिलन समारोह का किया गया आयोजन150 वर्ष की गौरवशाली विरासत को याद कर भावुक हुए पुरातन छात्र 150 वर्ष की ग

पीडीडीयू नगर,संवाददाता। पूर्व मध्य रेलवे इंटर कॉलेज के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में पुरातन विद्यार्थियों का दो दिवसीय पुनर्मिलन समारोह गुरुवार को विद्यालय परिसर में गरिमामय और भावुक माहौल में शुरू हुआ। देश-विदेश में विभिन्न क्षेत्रों में मुकाम हासिल कर चुके पूर्व छात्र अपने पुराने स्कूल की मिट्टी को नमन करने पहुंचे तो पूरे परिसर में यादों की बारात सज गई। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की प्रार्थना से हुई। इसके बाद मां सरस्वती एवं भगवान गणेश के तैलचित्र के समक्ष मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी डॉ. निर्मलजीत सिंह कलसी, विशिष्ट अतिथि मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना, एयर मार्शल कीर्ति शेखर चतुर्वेदी, गुरनाम सिंह, मानस पोद्दार एवं प्रशांत ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर समारोह का विधिवत शुभारंभ किया।
समारोह के अध्यक्ष राजेश गुप्ता ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। विद्यालय के वर्तमान शिक्षकों और विद्यार्थियों ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों और पुरातन विद्यार्थियों का अभिनंदन किया। डीआरएम ने अपने संबोधन में विद्यालय के विकास से जुड़ी आगामी परियोजनाओं एवं योजनाओं की जानकारी दी और कहा कि 1875 में स्थापित यह विद्यालय सिर्फ एक शैक्षणिक संस्थान नहीं, बल्कि चंदौली-पीडीडीयू नगर की पहचान और पीढ़ियों की विरासत है। समारोह का प्रमुख आकर्षण पुरातन विद्यार्थियों के संस्मरणों और संदेशों से सुसज्जित स्मारिका का विमोचन रहा। विद्यालय के पूर्व प्राचार्य अमरेंद्र सिंह एवं पुरातन विद्यार्थियों के सहयोग से तैयार की गई स्मारिका का विमोचन अतिथियों के हाथों किया गया। स्मारिका के संपादक ब्रजेश कुमार ने कहा कि यह स्मारिका 150 वर्षों की गौरवशाली यात्रा, यहां से शिक्षा प्राप्त कर आईएएस, डॉक्टर, इंजीनियर, सेना और रेलवे में उच्च पदों पर पहुंचे विद्यार्थियों तथा गुरुजनों की स्मृतियों को संजोने का प्रयास है। सह संपादक डॉ. मुकेश प्रताप सिंह ने भी अपने विचार व्यक्त किए। इसके बाद विद्यालय के सेवानिवृत्त शिक्षकों का शॉल और स्मृति चिन्ह देकर सम्मान किया गया। सम्मान के दौरान कई पूर्व छात्र अपने गुरुजनों के पैर छूकर भावुक हो गए। इसके उपरांत ‘यादों की बारात’ के रूप में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति हुई, जिसने पूरे समारोह को जीवंत बना दिया। कार्यक्रम का कुशल संचालन अमित छाबड़ा ने किया।

