फोन पर प्रताड़ना के बाद 15 वर्षीय किशोरी लापता
पीपीगंज थाना क्षेत्र के एक गांव की 15 वर्षीय किशोरी संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो गई है। परिजनों का आरोप है कि एक अज्ञात युवक ने उसे परेशान किया था। किशोरी की मां ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की और पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

पीपीगंज, हिन्दुस्तान संवाद। पीपीगंज थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी 15 वर्षीय किशोरी संदिग्ध परिस्थितियों में घर से लापता हो गई। परिजनों का आरोप है कि पिछले कुछ दिनों से एक अज्ञात युवक उसे फोन कर परेशान कर रहा था। किशोरी के लापता होने के बाद उसकी मां ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने अज्ञात मोबाइल नंबर से जुड़े मामले में मुकदमा दर्ज कर किशोरी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस को दी गई तहरीर में मां ने बताया कि उनकी बेटी को पिछले कुछ दिनों से लगातार फोन आ रहे थे। फोन करने वाला उसे परेशान और प्रताड़ित कर रहा था।
इससे किशोरी मानसिक रूप से परेशान थी। परिजनों के मुताबिक, 30 सितंबर को किशोरी अचानक घर से चली गई। काफी समय तक वापस नहीं लौटने पर परिवार के लोगों ने रिश्तेदारों और आसपास के संभावित स्थानों पर उसकी तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चला। इसके बाद मां ने पीपीगंज थाने पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।


