शादी का झांसा देकर किशोरी को भगा ले जाने का आरोप, केस दर्ज
बलरामपुर के कोतवाली नगर क्षेत्र के एक गांव में 15 वर्षीय किशोरी को शादी का झांसा देकर भगा ले जाने का मामला सामने आया है। किशोरी के पिता की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। किशोरी को सुरक्षित लौटाने और आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस जांच कर रही है।

बलरामपुर, संवाददाता। कोतवाली नगर क्षेत्र के एक गांव से 15 वर्षीय किशोरी को शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का मामला सामने आया है। किशोरी के पिता की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। किशोरी की पिता के अनुसार नौ अगस्त रात करीब दो बजे उनकी 15 वर्षीय पुत्री घर से लापता हो गई। आरोप है कि कोई अज्ञात व्यक्ति शादी का झांसा देकर उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। परिजनों ने रिश्तेदारों व परिचितों के यहां तलाश की, लेकिन किशोरी का कोई सुराग नहीं लग सका। तहरीर में यह भी बताया गया है कि किशोरी एक मोबाइल नंबर पर किसी व्यक्ति से बातचीत करती थी।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार मिश्र ने बताया कि किशोरी की बरामदगी और मामले की जांच के लिए उपनिरीक्षक अबुल खैर सिद्दीकी को विवेचना सौंपी गई है। पुलिस मोबाइल नंबर समेत अन्य बिंदुओं की जांच कर रही है। किशोरी की सकुशल बरामदगी के साथ ही आरोपी की तलाश में पुलिस टीम जुटी है।


