स्कूल जाने निकला किशोर लापता, परिजनों की बढ़ी चिंता
बलरामपुर के बेलहा गांव में 15 वर्षीय किशोर अब्दुल्ला स्कूल जाने के लिए घर से निकला, लेकिन वह लापता हो गया। परिवार ने उसकी तलाश की लेकिन जानकारी नहीं मिली। अंततः परिजनों ने पुलिस से मदद मांगी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बलरामपुर, संवाददाता। कोतवाली देहात क्षेत्र के बेलहा गांव में स्कूल जाने के लिए घर से निकला 15 वर्षीय किशोर अब्दुल्ला अचानक लापता हो गया। सुबह घर से निकले बेटे के वापस नहीं लौटने पर परिवार की चिंता बढ़ती गई। परिजनों ने आसपास के इलाकों से लेकर रिश्तेदारियों तक उसकी तलाश की, लेकिन देर शाम तक कोई जानकारी नहीं मिली। आखिरकार परिजनों ने पुलिस से मदद की गुहार लगाई। बेलहा निवासी अब्दुल अलीम ने पुलिस को बताया कि उनका करीब 15 वर्षीय भाई अब्दुल्ला एक सितंबर की सुबह करीब 7:30 बजे बलरामपुर स्थित मॉडर्न स्कूल जाने के लिए घर से निकला था।
वह स्कूल भी नहीं पहुंचा और निर्धारित समय तक घर भी वापस नहीं लौटा। पहले परिजनों ने अपने स्तर से उसकी तलाश शुरू की। परिचितों और रिश्तेदारों से जानकारी ली गई, लेकिन कहीं से भी किशोर के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी।बेटे के अचानक लापता होने से परिवार के लोग परेशान हैं और उसके सकुशल वापस लौटने की उम्मीद लगाए हुए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए परिजनों ने पुलिस से किशोर की तलाश कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की। प्रभारी निरीक्षक गिरजेश तिवारी ने बताया कि कोतवाली देहात पुलिस ने एक सितंबर की रात 10:30 बजे रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक श्रवण चंद को सौंपी गई है।


