शेरवुड कॉलेज में 14वीं ल्यूवेलिन क्विज प्रतियोगिता का आगाज
शुभारंभ - देशभर के 10 प्रतिष्ठित स्कूलों ने लिया हिस्सा, छह टीमें फाइनल में पहुंचीं - रोमांचक मुकाबले में शेरवुड कॉलेज ने वाइनबर्ग एलेन मसूरी को हराकर

नैनीताल, संवाददाता। शेरवुड कॉलेज नैनीताल में 14वीं ल्यूवेलिन क्विज एवं वाद-विवाद प्रतियोगिता का शुक्रवार को आगाज हुआ। प्रतियोगिता में देशभर के 10 प्रतिष्ठित विद्यालयों की टीमों ने हिस्सा लिया। पहले दिन क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता के पहले चरण में सभी टीमों के बीच लिखित क्विज का आयोजन किया गया। इसके आधार पर छह टीमों ने फाइनल राउंड में जगह बनाई। इनमें आरआईएमसी देहरादून, ला मार्टिनियर गर्ल्स लखनऊ, बिशप कॉटन स्कूल शिमला, वाइनबर्ग एलेन मसूरी, पाइनग्रोव स्कूल सोलन और मेजबान शेरवुड कॉलेज नैनीताल की टीमें शामिल रहीं। शाम पांच बजे फाइनल राउंड शुरू हुआ। शेरवुड कॉलेज और वाइनबर्ग एलेन मसूरी के बीच मुकाबला खासा रोमांचक रहा।
अंत में शेरवुड कॉलेज की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिता अपने नाम की। इस मौके पर शेरवुड कॉलेज के प्रधानाचार्य अमनदीप संधू ने देशभर से पहुंचे विद्यार्थियों का स्वागत किया। प्रतियोगिता के दूसरे चरण में अब वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।


