कटरा : आठवीं के छात्र की हत्या, शव पोखर में फेंका
कटरा के सोनपुर पंचायत में एक आठवीं कक्षा के छात्र पिंटू कुमार की हत्या कर शव को पोखर में फेंक दिया गया। पुलिस ने नामजद पति-पत्नी और उनकी बेटी को गिरफ्तार किया है। पिंटू रविवार को साइकिल से आटा खरीदने गया था और वापसी में लापता हो गया। जांच जारी है।

कटरा, एक संवाददाता। थाना क्षेत्र की सोनपुर पंचायत के देवगन में आठवीं के छात्र की हत्या कर शव को पोखर में फेंक दिया। मृतक देवगन निवासी सुभाष मांझी का 14 वर्षीय बेटा पिंटू कुमार था। पिंटू का शव मंगलवार को पोखर की जलकुंभी में फंसा हुआ मिला। परिजनों ने बताया कि पिंटू रविवार की शाम साइकिल से आटा खरीदने दुकान गया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की। एफएसएल ने घटनास्थल से नमूने लिए। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने नामजद पति-पत्नी और बेटी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में तीनों ने जुर्म कबूल किया है।
पिंटू की साइकिल आरोपित मदन दास के दरवाजे से बरामद हुई। इस संबंध में पिंटू की मां रंजू देवी ने सोमवार को कटरा थाना में आवेदन दिया था। रंजू देवी ने पुलिस को बताया कि रविवार की शाम सात बजे के करीब पुत्र साइकिल से गांव के ही सुनील साह की दुकान पर गेहूं का आटा खरीदने गया था, लेकिन वह दुकान पर नहीं पहुंचा। देर रात तक घर नहीं लौटा तो खोजबीन शुरू की गई। सूचना पर पहुंची कटरा पुलिस भी छानबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। सोमवार को मदन दास के दरवाजे पर पिंटू की साइकिल मिली, जिसके बाद थानेदार मनीष कुमार पहुंचे और मदन दास को हिरासत में ले लिया। थाने पर पूछताछ में हत्या की बात कबूल की। थानेदार मनीष कुमार ने बताया कि पिंटू की मां के आवेदन पर गांव के ही मदन दास, पत्नी गीता देवी और बेटी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मामले का खुलासा हो सकेगा।

