विदेश : पाकिस्तान में एक और हिंदू किशोरी का अपहरण
पाकिस्तान के सिंध प्रांत से 14 वर्षीय हिंदू किशोरी के अपहरण का मामला सामने आया है। उसके माता-पिता ने वीडियो साझा करके पुलिस से मदद मांगी। यह घटना टंडो अल्लाहयार की इब्राहिम कॉलोनी में हुई है, जहां पहले भी दो नाबालिग हिंदू बहनों का अपहरण कर जबरन धर्म परिवर्तन कराया गया।

कराची, एजेंसी। पाकिस्तान के सिंध प्रांत से 14 वर्षीय एक और हिंदू किशोरी के अहपरण का मामला सामने आया है। इस संबंध में उसके माता-पिता ने शनिवार को वीडियो जारी कर पुलिस-प्रशसन से मदद मांगी है।वीडियो में उन्होंने अधिकारियों से दखल देने और बेटी की सुरक्षित वापसी कराने की अपील की है। घटना उसी क्षेत्र की है, जहां से 29 अगस्त को दो नाबालिग हिंदू बहनों का अपहरण कर जबरन धर्म परिवर्तन कराया गया था। दोनों घटनाएं सिंध प्रांत के कराची से करीब दो सौ किलोमीटर दूर स्थित टंडो अल्लाहयार की इब्राहिम कॉलोनी की हैं। वहीं, मानवाधिकार आयोग के अधिवक्ता जिया अवान ने कहा कि गरीब और वंचित हिंदू परिवारों की बेटियां विशेष रूप से असुरक्षित हैं।
उन्होंने कहा कि प्रशासन इन्हें बहुत कम सुरक्षा उपलब्ध करा पाता है। इससे पहले पुलिस ने अपहरण की गई दोनों बहनों को छुड़ाकर अदालत में पेश किया है। हालांकि, उन्हें माता-पिता को सौंपने के बजाय महिला आवास गृह भेजा गया है। 9 सितंबर को दोनों बहनों ने अदालत से घर लौटने की गुहार लगाई थी। इस दौरान उन्होंने यह भी बताया कि दो मुस्लिम पुरुषों ने उनका अपहरण कर जबरन धर्म परिवर्तन कराया और उनसे शादी की।


