ब्रह्मादेवी की छात्राओं ने तीरंदाजी और कबड्डी प्रतियोगिता में झटके पदक
मोदीनगर के श्रीमती ब्रह्मादेवी सरस्वती बालिका विद्या मंदिर की 13 छात्राओं ने बुलंदशहर में आयोजित क्षेत्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए 14 गोल्ड, 3 सिल्वर और 2 ब्रॉन्ज मेडल जीते। इनमें से 9 छात्राओं का राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। सभी विजेताओं का विद्यालय में स्वागत किया गया।

मोदीनगर मार्ग स्थित श्रीमती ब्रह्मादेवी सरस्वती बालिका विद्या मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की 13 छात्राओं ने बुलंदशहर में विद्या भारती द्वारा आयोजित क्षेत्रीय विद्या भारती तीरंदाजी प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर मैडल झटके। वहां से लौटने पर छात्राओं का विद्यालय में स्वागत किया गया। प्रधानाचार्या मीनाक्षी यादव ने बताया कि तीरंदाजी प्रतियोगिता अंडर 14, 17, अंडर 19 की टीम ने प्रथम स्थान 12 गोल्ड, व्यक्तिगत कैटेगरी में अंडर 14 की छात्रा नूलदारवांग ने एक गोल्ड, वमनदीप ने 1 सिल्वर, अंडर 17 की छात्रा सिंगो चकमा ने 1 गोल्ड मैडल जीता। इसी तरह कुसुमी चकमा ने 1 सिल्वर, डिबुले जेमी ने 1 ब्रॉन्ज, अंडर 18 की छात्रा किहुंगले जेमी ने 1 सिल्वर, काव्या त्यागी ने 1 ब्रॉन्ज समेत 14 गोल्ड, 3 सिल्वर, 2 ब्रॉन्ज पदक प्राप्त किए।
9 छात्राओं ने आगामी राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता के लिए चयनित होकर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। उन्होंने बताया कि क्षेत्रीय विद्या भारती कबड्डी प्रतियोगिता के अंतर्गत 19 छात्राओं ने प्रतिभाग किया। इसमें अंडर 14 एवं अंडर 19 की टीम ने प्रथम स्थान 19 गोल्ड पदक प्राप्त कर आगामी राष्ट्रीय कबड्डी प्रतियोगिता के लिए चयनित होकर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। विद्यालय प्रबंधन ने सभी विजेता छात्राओं को शुभकामनाएं दी हैं।


