12 साल की छात्रा से महीनों तक दुष्कर्म,तीन गिरफ्तार
मेडिकल जांच में यौन शोषण की पुष्टि, गर्भवती होने की बात भी सामने आईमेडिकल जांच में यौन शोषण की पुष्टि, गर्भवती होने की बात भी सामने आई

गुमला, संवाददाता । कामडारा थाना क्षेत्र में पांचवीं कक्षा में पढ़ने वाली 12 वर्षीय छात्रा के साथ पिछले कुछ महीनों से कई बार दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। गांव के तीन लोगों पर घटना को अंजाम देने का आरोप है। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें 49 वर्षीय गहनु मुंडा, 23 वर्षीय कृष्णा लोहरा और 16 वर्षीय एक नाबालिग शामिल है। गिरफ्तार आरोपियों में दो पीड़िता के नजदीकी रिश्तेदार बताए जा रहे हैं।
पीड़िता की चिकित्सा जांच
मामला सामने आने के बाद पीड़िता की कामडारा सीएचसी और गुमला सदर अस्पताल में चिकित्सकीय जांच कराई गई। पुलिस के अनुसार, मेडिकल जांच में उसके साथ कई बार यौनाचार किए जाने की पुष्टि हुई है। साथ ही उसके गर्भवती होने की बात भी सामने आई है। हालत खराब होने पर सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए पुलिस अभिरक्षा में रिम्स भेजा गया है।
आरोपियों की गिरफ्तारी और पूछताछ
पुलिस ने मामला दर्ज करने के बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने पीड़िता की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उसकी पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी है। मामले में आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।

