बुलंदशहर : गंगा स्नान के दौरान 11 वर्षीय बालक डूबा, मौत
डिबाई के गंगापुर में 11 वर्षीय जीतेश गंगा स्नान करते हुए डूब गया। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। गोताखोरों ने उसे निकाला, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर उसे मृत घोषित कर दिया। जीतेश का परिवार इस दुखद घटना से गहरे सदमे में है।

डिबाई/ बुलंदशहर। मां एवं अन्य रिश्तेदारों के साथ गंगा स्नान करने आए 11 वर्षीय बालक की गंगा में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद घाट पर अफरातफरी मच गई और परिजनों में कोहराम मच गया। डिबाई क्षेत्र के ग्राम गंगापुर निवासी 11 वर्षीय जीतेश पुत्र जितेंद्र उर्फ जीतू शुक्रवार को अपनी मां तथा रिश्तेदारों के साथ कर्णवास स्थित देवत्रय घाट पर गंगा स्नान करने आया था। स्नान के दौरान अचानक वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय गोताखोरों ने तत्काल गंगा में उतरकर काफी प्रयास के बाद बालक को गहरे जल से बाहर निकाला।
आनन फानन में गंभीर अवस्था में परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।बताया गया है कि जीतेश दो भाइयों में बड़ा था। उसके पिता जितेंद्र उर्फ जीतू दिल्ली की एक एक्सपोर्ट कंपनी में नौकरी करते हैं। घटना की सूचना मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मासूम की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है तथा पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
इस खबर पर आपकी क्या राय है?


