देवघर में 8 को संत प्रवर विज्ञान देव सुनाएंगे जय स्वर्वेद कथा
देवघर, प्रतिनिधिविहंगम योग संत समाज का 103वां वार्षिकोत्सव इस वर्ष समर्पण दीप अध्यात्म महोत्सव के रुप में 14 व 15 दिसंबर 2026 को स्वर्वेद महामंदिर ध

देवघर, प्रतिनिधि विहंगम योग संत समाज का 103वां वार्षिकोत्सव इस वर्ष समर्पण दीप अध्यात्म महोत्सव के रुप में 14 व 15 दिसंबर 2026 को स्वर्वेद महामंदिर धाम उमराहां वाराणसी में दिव्यता के साथ मनाया जाएगा। इस दौरान 25 हजार कुंडीय स्वर्वेद ज्ञान महायज्ञ का वृहद आयोजन किया जाएगा। इस वैदिक महायज्ञ में आहुति देने लाखों की संख्या में सेवाभावी श्रद्धालु पहुंचेंगे। 103वें वार्षिकोत्सव को लेकर शुक्रवार को देवघर में बैठक की गई। उसमें कहा गया कि महत्वपूर्ण कड़ी में गौवंश संवर्धन, वैदिक गुरुकुल संरक्षण एवं राष्ट्र के प्रहरियों के सम्मान में पूरे देश से अर्पित किए गए समर्पण दीपों को प्रज्वलित कर दीपोत्सव मनाना है।
इसी क्रम में सदगुरु के उत्तराधिकारी संत प्रवर विज्ञान देव महाराज कन्या कुमारी से कश्मीर तक राष्ट्रव्यापी स्वर्वेद संदेश यात्रा पर हैं। संदेश यात्रा के क्रम में संत प्रवर विज्ञान देव 8 सितंबर 2026 को देवघर स्थित शांति कोठी पहुंचेंगे। जहां उनके द्वारा जय स्वर्वेद कथा का प्रवचन किया जाएगा। इस संबंध में जिला विहंगम योग संत समाज देवघर की जिला महिला प्रभारी अनिता कुमारी, प्रधान संयोजक श्रीप्रसाद मंडल, संयोजक प्रदीप कुमार, जिला प्रचार मंत्री महेंद्र प्रसाद राणा ने बताया कि 8 सितंबर को शांति कोठी में सभी अध्यात्म प्रेमी, गुरुभाई, गुरु बहन एवं अन्य जिज्ञासु काफी संख्या में इस स्वर्वेद कथामृत में उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम को सफल बनाने में गोड्डा, पाकुड़, दुमका, जामताड़ा व जिला संत समाज देवघर का महत्वपूर्ण योगदान रहेगा।


