SIR पर रोक, वोटर लिस्ट की जांच और EC के रिकॉर्ड; सुप्रीम कोर्ट से राहुल गांधी की 10 बड़ी मांगें

लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

कांग्रेस नेता राहुल गांधी और इंडिया ब्लॉक के नेताओं ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर कर मतदाता सूची के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन पर तुरंत रोक लगाने से लेकर वोटर लिस्ट और EVM के स्वतंत्र ऑडिट तक कुल 10 मांगें की हैं।

Rahul Gandhi
सुप्रीम कोर्ट से राहुल गांधी की 10 बड़ी मांगें

कांग्रेस नेता राहुल गांधी और इंडिया ब्लॉक के अन्य नेताओं ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर कर मतदाता सूची के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) पर तुरंत रोक लगाने और चुनाव प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों पर कार्रवाई की मांग की है। याचिका में SIR और चुनाव आयोग के फैसलों से जुड़ी 10 तरह की राहत मांगी गई है।

सुप्रीम कोर्ट की वेबसाइट पर 'राहुल गांधी बनाम इलेक्शन कमीशन ऑफ इंडिया' नाम से सूचीबद्ध याचिका के मुताबिक, कांग्रेस की कानूनी टीम ने शाम को गांधी के कोर्ट पहुंचने से एक-दो घंटे पहले यह याचिका फाइल कर दी थी। क्योंकि वे शाम 4.30 बजे की समय सीमा से पहले नहीं पहुंच सके, इसलिए वकील एस प्रसन्ना ने याचिका दायर की।

बता दें कि राहुल गांधी अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ इंडिया ब्लॉक के मार्च में सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचे। इस मार्च में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, प्रियंका गांधी, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव, तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी और RJD नेता तेजस्वी यादव भी शामिल थे।

क्या हैं 10 मांगे?

  • चुनाव आयोग सभी SIR रिकॉर्ड जमा करे

याचिका में कोर्ट से कहा गया है कि चुनाव आयोग को SIR से जुड़ी पूरी फाइलें, समझौते, बैठकों के मिनट्स, आपत्तियों के रिकॉर्ड और 24 जून 2025 को यह प्रक्रिया शुरू करने के फैसले से जुड़ी ECINET व ERONET एक्सेस लॉग पेश करने का निर्देश दिया जाए। इसका मकसद संविधान के अनुच्छेद 14, 19 और 21 के तहत अधिकारों की सुरक्षा और अनुच्छेद 324 को लागू करना है।

  • SIR के फैसलों की कानूनी वैधता की जांच हो

याचिका में मांग की गई है कि अदालत जांच करे कि क्या विवादित फैसले मुख्य चुनाव आयुक्त और अन्य चुनाव आयुक्त अधिनियम, 2023 के अनुच्छेद 324, धारा 18 और सुप्रीम कोर्ट के पहले के फैसलों (जैसे शेषन बनाम यूनियन ऑफ इंडिया, 1995) के सिद्धांतों का पालन करते हैं। बिना सही कानूनी अधिकार के लिए गए फैसलों को रद्द किया जाए।

  • जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई

दायर याचिका में मतदाता सूची बनाने और उसमें बदलाव करने वाले नियमों के उल्लंघन के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। जरूरत पड़ने पर लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 32 के तहत भी कार्रवाई की जाए।

  • शिकायतों पर फैसले दर्ज किए जाएं

चुनाव आयोग को मौजूदा याचिका और संबंधित शिकायतों पर फैसला करने के लिए कहा गया है। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाए कि SIR से जुड़ा हर फैसला 2023 अधिनियम की धारा 18 के अनुसार हो और ठीक से रिकॉर्ड किया गया हो।

  • ऑनलाइन फॉर्म 6 में बताए गए नियमों का पालन हो

याचिका के अनुसार, विपक्ष चाहता है कि ऑनलाइन फॉर्म 6, मतदाता पंजीकरण नियम, 1960 के अनुसार हो। नियमों में बदलाव का औपचारिक प्रक्रिया बिना अपनाए, तय फॉर्म से अलग कोई बदलाव न किया जाए।

  • मतदाता सूची और EVM का स्वतंत्र ऑडिट

सुप्रीम कोर्ट के सेवानिवृत्त जज की अगुवाई में एक स्वतंत्र समिति बनाने की मांग की गई है, जिसमें तकनीकी विशेषज्ञ और जाने-माने नागरिक शामिल हों। यह समिति SIR के दौरान नाम हटाने और बदलावों की जांच करेगी, डेटाबेस एक्सेस (ECINET और ERONET) की जांच करेगी, और EVM के तकनीकी डिजाइन, आर्किटेक्चर, नीतियों और प्रक्रियाओं की समीक्षा करेगी।

  • हटाए गए नामों की वजह और सूची प्रकाशित हो

SIR के दौरान हटाए गए मतदाताओं की बूथ-वार सूची प्रकाशित करने, हर नाम हटाने का कारण बताने और इन्हें लिंग व उम्र के हिसाब से वर्गीकृत करने की मांग की गई है। योग्य मतदाताओं के नाम वापस जोड़ने के लिए एक प्रभावी व्यवस्था भी मांगी गई है।

  • बिना नोटिस या सुनवाई के नाम न हटाया जाए

कोर्ट से निर्देश मांगा गया है कि कानूनी नोटिस और सुनवाई का मौका दिए बिना किसी मतदाता का नाम न हटाया जाए। पंजाब और अन्य चुनाव वाले राज्यों में योग्य लोगों को निर्धारित अंतिम तारीख तक नाम शामिल करने के लिए आवेदन करने की अनुमति भी दी जाए।

  • सभी राज्यों में SIR पर अंतरिम रोक

जब तक उठाए गए मुद्दों पर अदालत फैसला नहीं कर लेती, तब तक सभी राज्यों में चल रही SIR प्रक्रिया को रोक दिया जाए। विपक्ष के अनुसार, यह योग्य मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा और चुनावों की निष्पक्षता के लिए जरूरी है।

  • कोई और उचित राहत

अंत में, सुप्रीम कोर्ट से कहा गया है कि मामले की परिस्थितियों को देखते हुए, चुनावी प्रक्रिया और हर योग्य नागरिक के मतदान अधिकार की रक्षा के लिए जो भी अन्य आदेश उचित समझे, वह जारी करे।

यहां आपको बता दें कि यह 10 मांगें याचिकाकर्ताओं द्वारा मांगी गई है। ये सुप्रीम कोर्ट द्वारा जारी किए गए निर्देश नहीं हैं।

Devendra Kasyap

लेखक के बारे में

Devendra Kasyap

देवेन्द्र कश्यप पिछले 13 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। अगस्त 2025 से वह लाइव हिन्दुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं। संस्थान की होम टीम का वह एक अहम हिस्सा हैं। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर उनकी पैनी नजर रहती है। वायरल कंटेंट के साथ-साथ लीक से हटकर और प्रभावशाली खबरों में उनकी विशेष रुचि है।

देवेन्द्र ने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत वर्ष 2013 में महुआ न्यूज से की। करियर के शुरुआती दौर में उन्होंने बिहार की राजधानी पटना में रिपोर्टिंग की। इस दौरान राजनीति के साथ-साथ क्राइम और शिक्षा बीट पर भी काम किया। इसके बाद उन्होंने जी न्यूज (बिहार-झारखंड) में अपनी सेवाएं दीं। वर्ष 2015 में ईनाडु इंडिया के साथ डिजिटल मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका, ईटीवी भारत और नवभारत टाइम्स ऑनलाइन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में कार्य किया।

मूल रूप से बिहार के भोजपुरी बेल्ट रोहतास जिले के रहने वाले देवेन्द्र कश्यप ने अपनी प्रारंभिक और उच्च शिक्षा पटना से प्राप्त की। उन्होंने पटना विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में स्नातक की डिग्री हासिल की और MCU भोपाल से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया। वर्तमान में वह उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में प्रवास कर रहे हैं।

और पढ़ें

Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia NewsSIR पर रोक, वोटर लिस्ट की जांच और EC के रिकॉर्ड; SC से राहुल की 10 बड़ी मांगें