सिर्फ पीएम मोदी और ट्रंप की हुई थी फोन पर बात, सरकार ने मस्क वाले दावे को किया खारिज
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा, '24 मार्च को हुई टेलीफोन बातचीत केवल पीएम मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप के बीच हुई थी। जैसा कि पहले कहा गया था, इसमें पश्चिम एशिया की स्थिति पर विचारों का आदान-प्रदान करने का अवसर मिला।'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच 24 मार्च को हुई बातचीत में कोई तीसरा व्यक्ति शामिल नहीं था, भारतीय विदेश मंत्रालय ने यह साफ कर दिया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने शनिवार को कहा, 'हमने इस खबर को देखा है। 24 मार्च को हुई टेलीफोन बातचीत केवल पीएम मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप के बीच हुई थी। जैसा कि पहले कहा गया था, इसमें पश्चिम एशिया की स्थिति पर विचारों का आदान-प्रदान करने का अवसर मिला।' इससे पहले, न्यूयॉर्क टाइम्स ने अमेरिका के अज्ञात अधिकारियों के हवाले से खबर दी कि मंगलवार को ट्रंप और मोदी की फोन पर हुई बातचीत में एलन मस्क भी शामिल हुए थे।
पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के बीच दो देशों के प्रमुखों के बीच हुई बातचीत में सरकार के इतर किसी नागरिक का मौजूद होना असामान्य है। न्यूयॉर्क टाइम्स की खबर में कहा गया कि अरबपति कारोबारी एलन मस्क के इस बातचीत में शामिल होने की 2 अमेरिकी अधिकारियों की ओर से पुष्टि की गई। इससे संकेत मिलता है कि दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति मस्क के राष्ट्रपति ट्रंप के साथ संबंध फिर बेहतर हो गए हैं। मस्क के सरकार से पिछले साल बाहर निकलने के बाद उनके व ट्रंप के संबंधों में खटास आ गई थी। मस्क को सरकार में कर्मचारियों की संख्या में कटौती करने का काम सौंपा गया था।
खबर में क्या किया गया दावा
खबर में कहा गया कि यह स्पष्ट नहीं है कि एलन मस्क इस बातचीत में शामिल क्यों थे या उन्होंने इस दौरान कोई बात की थी या नहीं। पश्चिम एशिया में 28 फरवरी को संघर्ष शुरू होने के बाद पीएम मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप के बीच यह पहली बातचीत रही। बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने होर्मुज स्ट्रेट को खुला, सुरक्षित और सुलभ बनाए रखने के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि यह विश्व में शांति, स्थिरता और आर्थिक खुशहाली के लिए अहम है।
न्यूयॉर्क टाइम्स की इस खबर पर टिप्पणी करते हुए व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने कहा, 'राष्ट्रपति ट्रंप के प्रधानमंत्री मोदी के साथ बहुत अच्छे संबंध हैं और बातचीत सार्थक रही।' पीएम मोदी ने इस बातचीत को उपयोगी बताया और कहा कि भारत शांति बनाए रखने व तनाव कम करने के पक्ष में है। उन्होंने संसद में भी कहा कि इस रास्ते में किसी तरह की रुकावट स्वीकार नहीं की जा सकती, क्योंकि इससे व्यापार, तेल, गैस और खाद की सप्लाई पर असर पड़ता है। इस संकट के कारण दुनिया भर में ऊर्जा की कीमतें बढ़ रही हैं और कई देशों में सप्लाई की चिंता भी बढ़ गई है।
लेखक के बारे में
Niteesh Kumarपत्रकार नीतीश कुमार 8 साल से अधिक समय से मीडिया इंडस्ट्री में एक्टिव हैं। जनसत्ता डिजिटल से बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर शुरुआत हुई। लाइव हिन्दुस्तान से जुड़ने से पहले टीवी9 भारतवर्ष और दैनिक भास्कर डिजिटल में भी काम कर चुके हैं। पत्रकार नीतीश कुमार को खबरें लिखने के साथ ग्राउंड रिपोर्टिंग का शौक है। लाइव हिन्दुस्तान यूट्यूब चैनल के लिए लोकसभा चुनाव 2024, दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 और बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की कवरेज कर चुके हैं। फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान के लिए नेशनल और इंटरनेशनल सेक्शन की खबरें लिखते हैं। पत्रकार नीतीश कुमार को ब्रेकिंग न्यूज लिखने के साथ खबरों का गहराई से विश्लेषण करना पसंद है। राजनीति से जुड़ी खबरों पर मजबूत पकड़ और समझ रखते हैं। समसामयिक राजनीतिक मुद्दों पर कई सारे लंबे लेख लिख चुके हैं। पत्रकार नीतीश कुमार ने पत्रकारिता का पढ़ाई IIMC, दिल्ली (2016-17 बैच) से हुई। इससे पहले दिल्ली यूनिवर्सिटी के महाराजा अग्रसेन कॉलेज से पत्रकारिता में ग्रेजुएशन किया। पत्रकार नीतीश कुमार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के रहने वाले हैं। राजनीति, खेल के साथ सिनेमा में भी दिलचस्पी रखते हैं। फिल्में देखना और रिव्यू करना व उन पर चर्चा करना हॉबी है।
और पढ़ें

