कॉकरोच पार्टी बनने के 4 महीने में ही हो गया नई पार्टी का ऐलान, 'सियासी दलदल' में फंसे अभिजीत दीपके

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

नए गुट के गठन का ऐलान करते हुए पूर्व सदस्य ने आरोप लगाया कि आंदोलन की सफलता के बाद CJP को बेच दिया गया। उन्होंने यह दावा भी किया कि CJP का मौजूदा ढांचा अरविंद केजरीवाल के राजनीतिक हितों के हिसाब से बनाई गई।

Split in Cockroach Janata Party
दीपके पर कई गंभीर आरोप हैं

राजनीति के दलदल से दूर रहने की बात करने वाले अभिजीत दीपके अब उसमें फंसते हुए नजर आ रहे हैं। अभिजीत दीपके की कॉकरोच जनता पार्टी में बगावत हो गई है। कॉकरोच पार्टी के एक सदस्य ने ना सिर्फ दीपके का साथ छोड़ा है, बल्कि एक नई पार्टी बनाने का भी ऐलान कर दिया है। यही नहीं इस नेता ने अभिजीत दीपके और उनके साथियों पर कई बड़े आरोप भी लगाए हैं।

रिपोर्ट्स के मुताबिक पेपर लीक आंदोलन से जुड़े रहे कॉकरोच पार्टी के सदस्य मनीष ब्रह्मभट्ट ने दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर खुद को CJP से अलग कर लिया। साथ ही उन्होंने एक अलग गुट, 'कॉकरोच जनता पार्टी-डेमोक्रेटिक' (CJP-D) बनाने का ऐलान कर दिया है। ब्रह्मभट्ट ने पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि आंदोलन की सफलता के बाद जमीनी कार्यकर्ताओं और छात्रों का सौदा कर दिया गया और संगठन अब 'टीम केजरीवाल' में बदल गया है।

मनीष ब्रह्मभट्ट क्या-क्या बोल गए?

मनीष ब्रह्मभट्ट ने आरोप लगाया कि आंदोलन के सफल होने के बाद जो 12 सदस्यीय राष्ट्रीय टीम बनाई गई, उसके लिए किसी भी जमीनी कार्यकर्ता, छात्र या सोशल मीडिया वॉलंटियर से सलाह नहीं ली गई। ब्रह्मभट्ट ने कहा, “आंदोलन देश का था, लेकिन सफलता मिलते ही इसे बेच दिया गया। नई टीम के 8 सदस्य आम आदमी पार्टी से जुड़े हैं। यह पूरी टीम अरविंद केजरीवाल के राजनीतिक हितों को ध्यान में रखकर बनाई गई है।”

उन्होंने आरोप लगाया कि आंदोलन में शिवसेना, सपा, राजद, बीजेपी, कांग्रेस और एनसीपी से जुड़े युवाओं ने भी हिस्सा लिया था, लेकिन नई टीम में किसी को जगह नहीं मिली। साथ ही महिला, सिख और मुस्लिम चेहरों को भी दरकिनार कर दिया गया। ब्रह्मभट्ट ने कहा कि जिस आंदोलन की नींव पेपर लीक के खिलाफ पड़ी थी, उसी आंदोलन के नेतृत्व ने अब मेरिट को किनारे कर दिया है।

‘CJP-D में सबको मिलेगी जगह’

इस दौरान मनीष ब्रह्मभट्ट ने कहा है कि CJP-D को एक सच्चा लोकतांत्रिक और राष्ट्रव्यापी संगठन बनाया जाएगा। इसके तहत हर राज्य के स्थानीय आंदोलनकारियों और वॉलंटियर्स में से 5-5 प्रतिनिधियों को चुना जाएगा, ताकि हर जगह की आवाज को बराबर जगह मिल सके।

क्या कह रहे हैं अभिजीत दीपके?

दूसरी तरफ केजरीवाल से सांठ-गांठ जैसे आरोपों को अभिजीत दीपके ने सिरे से खारिज किया है। एक बयान में उन्होंने कहा है कि उनकी पार्टी सिर्फ छात्रों की A टीम है और किसी भी अन्य किसी भी CJP का कोई संबंध नहीं है। उन्होंने कहा, “महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री कहते हैं कि हम कांग्रेस की 'B' टीम हैं, कुछ लोग हमें आम आदमी पार्टी की 'B' टीम बताते हैं। मुझे लगता है कि इन नेताओं को एक साथ बैठकर तय कर लेना चाहिए। हमारी तरफ से बात साफ है। हम सिर्फ और सिर्फ छात्रों की 'A' टीम हैं।”

दीपके ने बनाई थी कॉकरोच पार्टी

इससे पहले देश के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत के एक बयान के विरोध में महाराष्ट्र के अभिजीत दीपके ने कॉकरोच जनता पार्टी की मुहिम शुरू की थी। देखते ही देखते इस ऑनलाइन मुहिम से लाखों लोग जुड़ गए। इसके बाद पार्टी ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट पेपर लीक के खिलाफ आंदोलन की अगुवाई की थी। आंदोलन की सफलता के बाद पार्टी चर्चा में है।

Jagriti Kumari

लेखक के बारे में

Jagriti Kumari

जागृति को छोटी उम्र से ही खबरों की दुनिया ने इतना रोमांचित किया कि पत्रकारिता को ही करियर बना लिया। 2 साल पहले लाइव हिन्दुस्तान के साथ करियर की शुरुआत हुई। उससे पहले डिग्री-डिप्लोमा सब जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में। भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और संत जेवियर्स कॉलेज रांची से स्नातक के बाद से खबरें लिखने का सिलसिला जारी। खबरों को इस तरह से बताना जैसे कोई बेहद दिलचस्प किस्सा, जागृति की खासियत है। अंतर्राष्ट्रीय संबंध और अर्थव्यवस्था की खबरों में गहरी रुचि। लाइव हिन्दुस्तान में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शानदार कवरेज के लिए इंस्टा अवॉर्ड जीता और अब बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर रोजाना कुछ नया सीखने की ललक के साथ आगे बढ़ रही हैं। इसके अलावा सिनेमा को समझने की जिज्ञासा है।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव और Navratri 2026 से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia NewsCJP बनने के 4 महीने में ही नई पार्टी का ऐलान, 'सियासी दलदल' में फंसे दीपक