उनके पास जुगाड़ है, भारत के मुरीद हुए इस देश के राष्ट्रपति; साथ काम की जताई इच्छा
दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ने भारत को ग्रोथ का इंजन करार दिया है। उन्होंने कहा, '140 करोड़ लोगों के साथ दुनिया का सबसे बड़ा बाजार होने के नाते, भारत आज विश्व अर्थव्यवस्था का एक नया और मजबूत हिस्सा बन गया है।

दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे म्युंग भारत में 'जुगाड़' के तरीकों के मुरीद हो गए हैं। उन्होंने कहा है कि अगर दक्षिण कोरिया की भावना और भारत की जुगाड़ की ताकत मिल जाए, तो दोनों देशों को बड़ी सफलता मिलेगी। भारत और दक्षिण कोरिया ने 15 समझौतों पर हस्ताक्षर किए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि दुनिया में जारी उथल-पुथल के बीच भारत और दक्षिण कोरिया शांति का संदेश देते हैं।
सोमवार को नई दिल्ली में राष्ट्रपति म्युंग ने कहा, 'भारत में 'जुगाड़' का गुण है, जिसका मतलब है कि कम संसाधनों और रुकावटों के बीच भी नए और रचनात्मक तरीके से काम को पूरा करना। दक्षिण कोरिया के पास Taedong की सामुदायिक भावना है। अगर हम इन दोनों ताकतों को जोड़ दें, तो मुझे पूरा भरोसा है कि हमारे साथ मिलकर काम करने से बहुत बड़ी सफलता हासिल मिलेगी।'
भारत को बताया भरोसेमंद दोस्त
ली ने वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच रुख बदलने की बात कही है। उन्होंने कहा, 'दुनिया के सामने मौजूद वैश्विक चुनौतियों और डिजिटल व आर्थिक जुड़ाव पर लगी पाबंदियों के बीच, अब पुराने तौर-तरीकों को छोड़ने और आपसी सहयोग को और गहरा करने का समय आ गया है।' अंत में उन्होंने कहा, 'दक्षिण कोरिया और भारत भरोसेमंद दोस्त हैं और साथ मिलकर हम एक बेहतर भविष्य बना सकते हैं। अभी आइए हम एक नई यात्रा की शुरुआत करें।'
भारत ग्रोथ का इंजन
दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ने भारत को ग्रोथ का इंजन करार दिया है। उन्होंने कहा, '140 करोड़ लोगों के साथ दुनिया का सबसे बड़ा बाजार होने के नाते, भारत आज विश्व अर्थव्यवस्था का एक नया और मजबूत हिस्सा बन गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 2047 तक विकसित भारत बनने का सपना पूरी दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींच रहा है।'
PM मोदी ने किया के पॉप का जिक्र
पीएम मोदी ने कहा कि भारत और दक्षिण कोरिया के बीच हजारों वर्ष पुराने सांस्कृतिक संबंध हैं। 2000 साल पहले अयोध्या की राजकुमारी सूरीरत्ना और कोरिया के राजा किम-सुरो की कहानी हमारी साझा विरासत है।
आज भारत में के-पॉप, के-ड्रामा, बहुत लोकप्रिय हो रहे हैं। उसी तरह दक्षिण कोरिया में भी भारतीय सिनेमा और संस्कृति की पहचान बढ़ रही है। हमे बहुत खुशी है कि प्रेसीडेंट ली खुद भारतीय सिनेमा के प्रशंसक हैं। इस सांस्कृतिक जुड़ाव को मजबूत करने के लिए, हम 2028 में भारत-दक्षिण कोरिया फ्रेंडशिप फेस्टिवल आयोजित करेंगे।
भारत और दक्षिण कोरिया ने सोमवार को यह फैसला लिया कि वे 2030 तक आपस में होने वाले सालाना व्यापार को बढ़ाकर 50 अरब डॉलर तक ले जाएंगे, जो अभी के मुकाबले लगभग दोगुना है। साथ ही, दोनों देशों ने अपने व्यापारिक समझौते को अगले साल तक और बेहतर बनाने का वादा भी किया।
लेखक के बारे में
Nisarg Dixitनिसर्ग दीक्षित न्यूजरूम में करीब एक दशक का अनुभव लिए निसर्ग दीक्षित शोर से ज़्यादा सार पर भरोसा करते हैं। पिछले 4 साल से वह लाइव हिनुस्तान में डिप्टी चीफ प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं, जहां खबरों की योजना, लेखन, सत्यापन और प्रस्तुति की जिम्मेदारी संभालते हैं। इससे पहले दैनिक भास्कर और न्यूज़18 जैसे बड़े मीडिया संस्थानों में काम कर चुके हैं, जहाँ उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डेस्क तक की भूमिकाएं निभाईं। उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की, जिसने उनके काम करने के तरीके को व्यावहारिक और तथ्य आधारित बनाया। निसर्ग की खास रुचि खोजी रिपोर्टिंग, ब्रेकिंग स्टोरीज़ और विज़ुअल न्यूज़ स्टोरीज़ में है। वे जटिल मुद्दों को सरल भाषा और स्पष्ट तथ्यों के साथ प्रस्तुत करने में विश्वास रखते हैं। राजनीति और जांच पड़ताल से जुड़े विषयों पर उनकी मजबूत पकड़ है। निसर्ग लोकसभा चुनावों, कई राज्यों के विधानसभा चुनावों और अहम घटनाओं को कवर कर चुके हैं। साथ ही संसदीय कार्यवाही और सुप्रीम कोर्ट की महत्वपूर्ण सुनवाइयों को नियमित रूप से कवर करते हैं। गूगल जर्नलिस्ट्स स्टूडियो में भी निसर्ग योगदान देते हैं।
और पढ़ें

