सौरभ दास ने शशि थरूर को PM मोदी के खिलाफ उकसाया, कांग्रेस नेता ने मंसूबों पर फेर दिया पानी
आपको बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात और केंद्र में सरकार के शीर्ष पद पर अपने निर्बाध 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर नई दिल्ली स्थित श्री विनायक मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना की।

Shashi Tharoor News: कांग्रेस सांसद शशि थरूर अपने बयानों के लिए मशहूर रहते हैं। कभी-कबार तो उन्होंने अपनी ही पार्टी के नेताओं और नीतियों पर सवाल उठाए हैं। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रवक्ता सौरभ दास ने उनका एक पुराना बयान शेयर कर उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ उकसाने की कोशिश की। हालांकि, तेज तर्रार कांग्रेस नेता ने सीजेपी की उम्मीदों पर पानी फेर दिया और खुद को विवाद से दूर रखा। सौरभ दास ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंदिर दर्शन से जुड़े एक वीडियो पर शशि थरूर से उनका 2018 का विवादित "शिवलिंग पर बिच्छू" वाला बयान दोहराने की मांग की थी।
आपको बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात और केंद्र में सरकार के शीर्ष पद पर अपने निर्बाध 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर नई दिल्ली स्थित श्री विनायक मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना की। सौरभ दास ने पीएम मोदी के शिवलिंग पर जल चढ़ाते और प्रार्थना करते हुए वीडियो को एक्स पर शेयर किया। उन्होंने अपनी बात में थरूर की शब्दावली की तर्ज पर क्लिष्ट और भारी-भरकम अंग्रेजी का इस्तेमाल किया।
सौरव दास ने लिखा, "मैं इसे देखकर डॉ. थरूर की एक जबरदस्त टिप्पणी की याद में खो गया हूं। सर, क्या आपकी वाक्पटुता पर बिना कोई अनुचित दबाव डाले, उस अनिर्वचनीय और आनंददायक टिप्पणी को दोहराने का आग्रह किया जा सकता है?"
शशि थरूर का चतुर जवाब
सौरभ दास के इस उकसावे वाले ट्वीट का जवाब देते हुए वरिष्ठ कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने सीधे किसी भी पुराने बयान का जिक्र करने से इनकार कर दिया। थरूर ने बेहद सादगी से लिखा, "अगर मुझे जरा सा भी अंदाजा होता कि आप किस ओर इशारा कर रहे हैं, तो मुझे बिल्कुल ऐतराज नहीं होता! कृपया मेरा मार्गदर्शन करें।" थरूर के इस एक वाक्य के जवाब ने इस उकसावे को हवा नहीं मिलने दी।
आपको बता दें कि सौरभ दास ने सीधे तौर पर नाम नहीं लिया था, लेकिन सोशल मीडिया यूजर्स और राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि उनका इशारा थरूर के साल 2018 के उस चर्चित बयान की तरफ था जिसे लेकर उन पर आपराधिक मानहानि का मुकदमा भी दर्ज हुआ था। थरूर ने एक राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) कार्यकर्ता का हवाला देते हुए कहा था, ''मोदी शिवलिंग पर बैठे उस बिच्छू की तरह हैं, जिसे न तो हाथ से हटाया जा सकता है और न ही चप्पल से मारा जा सकता है।" इस टिप्पणी पर भाजपा नेताओं ने कड़ी आपत्ति जताई थी।

