TMC में टूट के बीच सोनिया गांधी का ममता बनर्जी को बड़ा ऑफर, पार्टी का कर लो विलय; मिलेगा बड़ा पद

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष ममता बनर्जी को कांग्रेस नेता सोनिया गांधी ने विलय का ऑफर दिया है। दावा किया जा रहा है कि सोनिया गांधी ने ममता बनर्जी को विलय के बाद कांग्रेस का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाने का वादा किया है। इसके अलावा अभिषेक बनर्जी को भी पार्टी महासचिव का पद दिया जाएगा।

TMC में टूट के बीच सोनिया गांधी का ममता बनर्जी को बड़ा ऑफर, पार्टी का कर लो विलय; मिलेगा बड़ा पद

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद ममता बनर्जी की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। पार्टी के विधायक और सांसद लगातार साथ छोड़ रहे हैं। इसी बीच एक रिपोर्ट सामने आई है, जिसमें दावा किया गया है कि सोनिया गांधी ने ममता बनर्जी को कांग्रेस में विलय करने का ऑफर दिया है। इस विलय के साथ ममता बनर्जी को कांग्रेस का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया जाएगा, जबकि अभिषेक बनर्जी को पार्टी महासचिव का पद दिया जाएगा। फिलहाल इस पर टीएमसी या कांग्रेस की तरफ से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

एबीपी न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, इंडिया गठबंधन की बैठक के दौरान ममता बनर्जी और सोनिया गांधी के बीच में लंबी-चौड़ी बातचीत हुई। इसके बाद भी कांग्रेस नेता ने भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ दोनों पार्टियों के एक जैसे रुख को देखते हुए विलय का प्रस्ताव दे दिया। सूत्रों के मुताबिक सोनिया गांधी की तरफ से कहा गया कि पार्टी में टूट से परेशान ममता बनर्जी अगर कांग्रेस के साथ विलय नहीं करती हैं, तो उन्हें भी ठीक उसी तरह परेशान किया जाएगा, जिस तरह आम आदमी पार्टी को किया गया है। चूंकि, पश्चिम बंगाल में सत्ता गंवा चुकी ममता बनर्जी के लिए पार्टी को संभालना मुश्किल हो रहा है। इसलिए, कांग्रेस नेता का यह ऑफर उनके लिए सही साबित हो सकता है।

इसी बीच दिल्ली में इंडिया गठबंधन की बैठक के लिए आए तृणमूल कांग्रेस के नेता अभिषेक बनर्जी ने भी बुधवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मुलाकात की। सूत्रों के मुताबिक दोनों नेताओं के बीच में करीब 2 घंटे बातचीत हुई। इस बैठक में आगे की रणनीति को लेकर चर्चा हुई।

बता दें, पश्चिम बंगाल में अपना किला गंवाने के बाद ममता बनर्जी के हालात ठीक नहीं है। पार्टी के विधायक पहले ही उनसे बगावत कर चुके हैं और अब 20 लोकसभा सांसदों की एक टीम ने भी ममता बनर्जी से खुद को अलग कर केंद्र सरकार को समर्थन देने का फैसला किया है। टीएमसी के जमीनी स्तर के कार्यकर्ता भी पार्टी से अलग रुख अपना रहे हैं। इसके अलावा नेताओं के बीच में ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी को लेकर भी गुस्सा बड़े स्तर पर पनप रहा है। हाल ही में सोनारपुर में कार्यकर्ताओं से मिलने पहुंचे अभिषेक के ऊपर हमला भी हुआ था।

इस खबर पर आपकी क्या राय है?

Upendra Thapak

लेखक के बारे में

Upendra Thapak

उपेंद्र ने डिजिटल पत्रकारिता की शुरुआत लाइव हिन्दुस्तान से की है। पिछले एक साल से वे होम टीम में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। उन्होंने लोकसभा चुनाव 2024, ऑपरेशन सिंदूर और कई राज्यों के विधानसभा चुनावों की कवरेज की है। पत्रकारिता की पढ़ाई भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली (बैच 2023-24) से पूरी करने वाले उपेंद्र को इतिहास, अंतर्राष्ट्रीय संबंध, राजनीति, खेल, विज्ञान और समसामयिक घटनाओं से जुड़े विषयों में गहरी रुचि है। स्नातक स्तर पर बायोटेक्नोलॉजी की पढ़ाई करने के कारण उन्हें मेडिकल और वैज्ञानिक विषयों की भाषा की भी अच्छी समझ है। वे मूल रूप से मध्यप्रदेश के भिंड जिले के निवासी हैं।

और पढ़ें