'कल तक रिहा नहीं किया तो...', CJP प्रोटेस्ट को लेकर सोनम वांगचुक ने भूख हड़ताल की दी चेतावनी

लाइव हिन्दुस्तान
share

सोनम वांगचुक ने भारत के मौजूदा हालात को अघोषित आपातकाल बताया। उन्होंने प्रदर्शन से पहले लोगों से एकजुटता और शांति बनाए रखने की अपील की थी, लेकिन अंदाजा नहीं था कि आंदोलन से जुड़े नेताओं को ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Sonam Wangchuk
सोनम वांगचुक।

जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने राजधानी दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन को लेकर बड़ी चेतावनी दी है। शनिवार शाम को उन्होंने कहा कि अगर हिरासत में लिए गए नेताओं को रविवार तक रिहा नहीं किया गया, तो वह भूख हड़ताल या पैदल मार्च शुरू कर सकते हैं। उन्होंने भारत के मौजूदा हालात को अघोषित आपातकाल बताते हुए चिंता जताई। वांगचुक ने कहा कि उन्होंने प्रदर्शन से पहले लोगों से एकजुटता और शांति बनाए रखने की अपील की थी, लेकिन उन्हें अंदाजा नहीं था कि आंदोलन से जुड़े नेताओं को ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

दिल्ली में प्रदर्शन के लिए आए सीजेपी नेताओं (अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका) को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। इनके अलावा करीब 1500 अन्य प्रदर्शनकारियों को भी हिरासत में लिया गया है। इस बीच, सोनम वांगचुक ने उम्मीद जताई कि हिरासत में लिए गए नेताओं को जल्द रिहा कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अगर रविवार तक उनकी रिहाई नहीं होती है, तो उन्हें अनशन या पदयात्रा जैसे कदम उठाने पर विचार करना पड़ेगा। दिल्ली में सीजेपी के मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ प्रदर्शन को लेकर पुलिस की कार्रवाई के बीच वांगचुक का यह बयान सामने आया है।

जंतर-मंतर क्यों नहीं आए सोनम वांगचुक?

इससे पहले, शुक्रवार को सोनम वांगचुक ने कहा था कि वह दिल्ली के जंतर-मंतर पर होने वाले प्रदर्शन में शामिल नहीं हो पाएंगे। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर इसकी वजह बताई। वांगचुक ने कहा कि सरकार की ओर से उनके काम में रुकावट डालने और उसे नुकसान पहुंचाने की कोशिशों के बावजूद वे राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए काम कर रहे हैं। सर्दियों के आने से पहले उनकी टीम पानी की सुरक्षा और हिमालयी क्षेत्रों में ग्लेशियर झीलों से आने वाली बाढ़ के खतरे से निपटने की तैयारी कर रही है।

सोनम वांगचुक ने कहा कि उनकी तैयारी में कृत्रिम ग्लेशियर बनाना और ग्लेशियर झीलों से बाढ़ आने के खतरे से निपटने के लिए प्रयोग करना शामिल है। उन्होंने हिमालय में मौजूद 200 से ज्यादा ऐसी झीलों का जिक्र किया, जिन्हें उन्होंने पानी के बम जैसा खतरा बताया। वांगचुक ने शायर फैज अहमद फैज की पंक्तियों का हवाला देते हुए कहा कि सियासत के अलावा दुनिया में और भी गम हैं और मिलने की खुशी के अलावा भी कई तरह की राहतें हैं। उन्होंने कहा कि इसी वजह से वह दिल्ली नहीं आ पा रहे हैं, लेकिन प्रदर्शन में शामिल होने वाले सभी लोगों को अपनी शुभकामनाएं भेज रहे हैं।

सोनम वांगचुक ने अलग-अलग समूहों के नेताओं से एकजुट रहने और समझदारी दिखाने की अपील की। साथ ही उन्होंने जेन-जी युवाओं से हर हाल में पूरी तरह शांतिपूर्ण रहने को कहा। उन्होंने महात्मा गांधी का जिक्र करते हुए कहा कि जून में जंतर-मंतर पर वह गांधी जी के इसी संदेश को लेकर आए थे। वांगचुक ने उम्मीद जताई कि प्रदर्शन में शामिल लोग गांधी जी के अहिंसा के संदेश को कमजोर नहीं पड़ने देंगे।

Niteesh Kumar

लेखक के बारे में

Niteesh Kumar

पत्रकार नीतीश कुमार 8 साल से अधिक समय से मीडिया इंडस्ट्री में एक्टिव हैं। जनसत्ता डिजिटल से बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर शुरुआत हुई। लाइव हिन्दुस्तान से जुड़ने से पहले टीवी9 भारतवर्ष और दैनिक भास्कर डिजिटल में भी काम कर चुके हैं। पत्रकार नीतीश कुमार को खबरें लिखने के साथ ग्राउंड रिपोर्टिंग का शौक है। लाइव हिन्दुस्तान यूट्यूब चैनल के लिए लोकसभा चुनाव 2024, दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 और बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की कवरेज कर चुके हैं। फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान के लिए नेशनल और इंटरनेशनल सेक्शन की खबरें लिखते हैं। पत्रकार नीतीश कुमार को ब्रेकिंग न्यूज लिखने के साथ खबरों का गहराई से विश्लेषण करना पसंद है। राजनीति से जुड़ी खबरों पर मजबूत पकड़ और समझ रखते हैं। समसामयिक राजनीतिक मुद्दों पर कई सारे लंबे लेख लिख चुके हैं। पत्रकार नीतीश कुमार ने पत्रकारिता का पढ़ाई IIMC, दिल्ली (2016-17 बैच) से हुई। इससे पहले दिल्ली यूनिवर्सिटी के महाराजा अग्रसेन कॉलेज से पत्रकारिता में ग्रेजुएशन किया। पत्रकार नीतीश कुमार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के रहने वाले हैं। राजनीति, खेल के साथ सिनेमा में भी दिलचस्पी रखते हैं। फिल्में देखना और रिव्यू करना व उन पर चर्चा करना हॉबी है।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia News'रिहा नहीं किया तो...', CJP प्रोटेस्ट पर वांगचुक ने भूख हड़ताल की दी चेतावनी